मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) और विभिन्न छात्र संगठनों ने देशभर में एकजुट आंदोलन का आह्वान किया है। संगठनों ने कहा कि यह आंदोलन केवल CEC के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चुनावी व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक जारी रखा जाएगा।
बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के साथ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) के प्रतिनिधि शामिल हुए।
संगठनों ने विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसदों द्वारा 6 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर निकाले गए विरोध मार्च का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था की रक्षा के लिए है और इसमें विपक्षी दलों के साथ छात्र संगठन तथा नागरिक समाज भी शामिल हैं।
‘लड़ाई आसान नहीं होगी, लंबे आंदोलन के लिए तैयार रहें’
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने देशभर के लोगों से 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन लंबा चल सकता है और लोगों को इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
सौरव दास ने कहा, “यह लड़ाई आसान नहीं होने वाली है। मैं देशभर के लोगों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ जुड़ें और ट्रेन तथा फ्लाइट की टिकट बुक करें।” उन्होंने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा भी दे देते हैं, तब भी आंदोलन खत्म नहीं होगा, क्योंकि प्रदर्शनकारियों की मांग चुनावी व्यवस्था में व्यापक सुधार की है।
CEC के इस्तीफे समेत कई मांगें
CJP ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा संगठन ने चुनावी मतदाता सूची में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को रोकने, आगामी चुनावों को स्थगित करने और जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने की मांग की है।
संगठन ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, 2023 में चुनाव आयोग में नियुक्तियों से जुड़े कानून को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त व अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र और भरोसेमंद प्रक्रिया बनाने की मांग की है।
‘जनता और BJP के बीच लड़ाई’
AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा कि छात्र संगठनों और विपक्षी दलों के आंदोलनों के बीच कोई विभाजन नहीं है। उन्होंने कहा कि आम लोग, नागरिक समाज, विपक्षी दल और छात्र संगठन एक तरफ हैं, जबकि दूसरी तरफ निर्वाचन आयोग और भाजपा हैं।
नेहा बोरा ने कहा, “कोई विभाजन नहीं है। यह भारत की जनता बनाम भाजपा है। अगर हम एकजुट होकर यह लड़ाई लड़ते हैं तो इसे प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है।”
उन्होंने 6 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च करने वाले INDIA ब्लॉक के सांसदों का भी समर्थन किया। नेहा के मुताबिक, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरें और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करें।
उन्होंने भाजपा समर्थकों से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अगर भाजपा से अलग होने का कोई समय है, तो वह अभी है।
पुलिस की अनुमति पर CJP का सवाल
10 अक्टूबर के प्रदर्शन के लिए पुलिस अनुमति के सवाल पर सौरव दास ने कहा कि संगठन ने बुधवार को संसद मार्ग पुलिस थाने में औपचारिक सूचना दी है और जरूरी अंडरटेकिंग भी जमा की है। उन्होंने कहा कि इसे ‘अनुमति’ शब्द से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
सौरव दास के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को केवल प्रदर्शन की सूचना देना पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी दिल्ली पुलिस के साथ सहयोग करेंगे और उम्मीद है कि पुलिस भी उनके साथ सहयोग करेगी।
छात्र संगठनों ने भी तेज किया मोर्चा
SFI के आदर्श शाजी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा विवाद ‘लोकतंत्र और तानाशाही’ के बीच की लड़ाई जैसा है।
यह एकजुटता ऐसे समय में सामने आई है जब CJP और कांग्रेस से जुड़े कुछ वर्गों के बीच हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी भी हुई थी। हालांकि, CJP ने स्पष्ट किया कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े संगठनों के बावजूद 10 अक्टूबर के आंदोलन का साझा उद्देश्य चुनावी व्यवस्था में बदलाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती है।
यह एकजुटता ऐसे समय में दिखी है, जब हाल के दिनों में CJP और कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी हुई थी। इसके बावजूद CJP ने कहा कि सभी संगठनों का मकसद एक है, चुनावी व्यवस्था में बदलाव लाना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना।
CJP ने संकेत दिया है कि 10 अक्टूबर का प्रदर्शन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होगा। संगठन के नेताओं के मुताबिक, उनकी लड़ाई चुनावी व्यवस्था में व्यापक बदलाव तक जारी रखने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर बिना नेम प्लेट पुलिसकर्मी, जवाबदेही पर सवाल; क्या कहता है सुप्रीम कोर्ट का डीके बसु फैसला?
जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों और जवानों के बिना नेम टैग या नेम प्लेट ड्यूटी करते देखा गया। इनके वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
