कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि पुडुचेरी में स्थित उनके घर पर पुलिस पहुंची है और उनके परिवार से पूछताछ की। सौरव ने आरोप लगाया कि यह मेरे परिवार और मुझे डराने की कोशिश है, लेकिन यह तरीका काम नहीं करेगा। सौरव ने राज्य की बीजेपी और केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं इससे डरने वाला नहीं हूं बल्कि इससे मेरे इरादे और मजबूत होंगे।

पुलिस ने कहा- रूटीन सिक्योरिटी एक्सरसाइज थी

सौरव दास की सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, बुधवार को पुडुचेरी पुलिस उनके घर पहुंची और उनके परिवार से पूछताछ की। सौरव ने अपनी पोस्ट में पुलिस को टैग करते हुए इसका जवाब भी मांगा। वहीं पुलिस की ओर से कहा गया है कि यह किसी तरह से परेशान करने के लिए नहीं किया गया था बल्कि यह स्वतंत्रता दिवस के सेलिब्रेशन से पहले एक रूटीन सिक्योरिटी एक्सरसाइज थी।

क्या कहा सौरव ने अपनी पोस्ट में?

सौरव ने अपनी पोस्ट में लिखा है, “दो घंटे पहले पुलिस मेरे घर पहुंची और परिवार के लोगों से पूछताछ की। यह किसने और किस मकसद से ऑर्डर दिया? क्या यही कानूनी तरीका है? पुडुचेरी में BJP सरकार मेरे परिवार को क्यों डरा रही है? यह सरकार का कैरेक्टर नहीं है। यह केंद्र सरकार के कहने पर किया जा रहा है! अगर इरादा मुझे डराकर चुप कराने का है, तो यह काम नहीं करेगा। इससे मैं डरूंगा नहीं। यह सिर्फ एक बेहतर सिस्टम बनाने के हमारे इरादे को और मजबूत करता है, जहां पुलिस गुंडों की तरह काम करने के बजाय कानून का पालन करे!”

पुलिस ने सौरव के आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया दी?

सौरव दास के इन आरोपों के बीच राज्य पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने कहा है कि यह इलाके के सभी घरों और जगहों का एक रेगुलर दौरा था। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट गवर्नर का घर भी पास में है और पुलिस की गुरुवार को होने वाली स्वतंत्रता दिवस परेड की रिहर्सल है, इसी को लेकर यह विजिट हुई थी।

क्राइम और इंटेलिजेंस की सीनियर ऑफिसर इंचार्ज नित्या राधाकृष्णन ने एक्सप्रेस के साथ बातचीत में कहा है कि जैसे आरोप लगाए गए हैं वह सरासर गलत हैं, हम किसी के परिवार को निशाना बनाने नहीं गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस व्हाइट टाउन में रेगुलर स्वतंत्रता दिवस सुरक्षा जांच कर रही थी, जहां सेरेमोनियल परेड होती है।

घर में हम घुसे भी नहीं थे- पुलिस

इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने कहा कि सौरव के परिवार से सवाल वैसे ही थे जैसे सिक्योरिटी जोन में दूसरी जगहों पर रहने वाले लोगों से किए गए थे। एक अधिकारी ने दास के दौरे पर दिए जवाब का जिक्र करते हुए कहा, “उसे बुरा लगा,” और कहा कि उसके या उसके परिवार के खिलाफ कोई टारगेटेड जांच नहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह घर में घुसे भी नहीं थे बल्कि रूटीन वेरिफिकेशन कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: ‘जंतर-मंतर प्रोटेस्ट का सीजन 2 जल्द आने वाला है’, अभिजीत दीपके ने बताया आगे का प्लान

नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन से सुर्खियों में आए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बताया है कि वह जल्द ही जंतर-मंतर’ का सीजन 2 शुरू करने वाले हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…