संसद मार्च से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार के साथ बातचीत की इच्छा जताई है। सीजेपी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि प्रशासन की ओर से बातचीत की कोशिश की जा रही है लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
सौरव दास ने कहा, ”प्रशासन, सरकार के साथ बातचीत शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। वे काफी देर से आए हैं लेकिन हमने खुले मन से कहा है कि हम बातचीत के लिए तैयार हैं। फिलहाल उनकी ओर से कोई स्पष्टता नहीं है। अब गेंद उनके पाले में है।”
उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर है और उनका अनशन लगातार जारी है।
दास ने कहा, ”सोनम जी ने देश के उन युवा प्रदर्शनकारियों को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं जो अब इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका मानना है कि यह व्यवस्था लोगों की बात नहीं सुनती।”
उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। उनके मुताबिक, पिछले 30 दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी यहां इकट्ठा हैं और उन्होंने यह दिखाया है कि शांतिपूर्ण तरीके से भी अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी जा सकती है।
आपको बता दें कि CJP और सोनम वांगचुक के समर्थकों ने संसद मार्च का आह्वान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संसद और आसपास के इलाकों में विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
सोनम वांगचुक ने रखीं तीन शर्तें
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सोमवार को कहा कि अगर सरकार शिक्षा व्यवस्था में हाल की विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करती है या सांसद उन्हें आश्वासन देते हैं कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा, तो वे 20 जुलाई को अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे।
सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “मैं 20 जुलाई को अपना अनशन खत्म कर दूंगा अगर, सरकार शिक्षा व्यवस्था में हालिया नाकामियों, पेपर लीक वगैरह की जिम्मेदारी ले या मैं और कॉकरोच जनता पार्टी की लीडरशिप संसद तक पहुंचें और वहां अलग-अलग पार्टियों के सांसद और नेता हमें भरोसा दिलाएं कि वे अब संसद में यह मुद्दा उठाएंगे।”
दिल्ली में इन रास्तों से बचें, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संसद तक प्रस्तावित इस प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने संसद परिसर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और जाम की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
कौन हैं सोनम वांगचुक
बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिन्हें यह नहीं पता कि आखिर सोनम वांगचुक हैं कौन? बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके पिता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बात करते हैं सोनम वांगचुक के करियर के बारे में। जानते हैं आखिर वो कौन सी बाते हैं जिन्होंने ‘रियल लाइफ’ फुंसुख वांगड़ू को सोनम वांगचुक बनाया…
