कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार (20 जुलाई 2026) को ससंद तक मार्च करने का ऐलान किया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संसद तक प्रस्तावित इस प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने संसद परिसर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और जाम की आशंका जताई है। राजधानी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस तरह के किसी जुलूस के लिए अनुमति नहीं ली गई है। लोगों को यात्रा की पहले से योजना बनाने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और प्रभावित रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।

सोनम वांगचुक ने समर्थकों से संसद मार्च की अपील की

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद मार्च करने की अपील की है। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने स्वास्थ्य जांच के लिए वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था।

रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनकी पत्नी गीतांजलि ने एक पत्र साझा किया। इसमें वांगचुक ने इस मार्च को ‘दूसरा स्वतंत्रता आंदोलन’ बताया और अपनी हिरासत को ‘गैरकानूनी’ करार दिया।

संसद के आसपास इन सड़कों पर लग सकता है जाम

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार संसद के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यथासंभव इन मार्गों से बचने की अपील की है:

-रफी मार्ग
-मोतीलाल नेहरू मार्ग
-मौलाना आजाद रोड
-के. कामराज मार्ग
-रायसीना रोड
-राजेंद्र प्रसाद रोड
-पार्लियामेंट स्ट्रीट
-अशोका रोड
-तालकटोरा रोड
-पंडित पंत मार्ग
-रकाबगंज गुरुद्वारा रोड

इन सड़कों पर सांसदों और अन्य वीआईपी के आवागमन के दौरान ट्रैफिक को समय-समय पर नियंत्रित किया जाएगा।

इन प्रमुख चौराहों से भी बचने की सलाह

ट्रैफिक पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई प्रमुख चौराहों पर भी भीड़ और जाम की संभावना जताई है। लोगों को खासकर व्यस्त समय में इन स्थानों से बचने की सलाह दी गई है:

-विजय चौक
-बोट क्लब
-रेल भवन
-सुनहरी मस्जिद
-पटेल चौक
-भगत सिंह चौक
-प्राइम चौक
-जीआरजी चौक
-जलेबी चौक

लुटियंस दिल्ली स्थित कार्यालयों और व्यावसायिक क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।

ये वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

जाम से बचने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन दूसरे रास्तों को इस्तेमाल करने की सलाह दी है:

-जनपथ
-मानसिंह रोड
-अकबर रोड
-तीन मूर्ति मार्ग
-शांति पथ
-मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड
-कमाल अतातुर्क मार्ग
-पंचशील मार्ग
-विनय मार्ग
-कनॉट प्लेस का आउटर सर्किल
-बाबा खड़क सिंह मार्ग
-राम मनोहर लोहिया रोड
-मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड
-11 मूर्ति
-सरदार पटेल मार्ग

इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे जो वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे।

यात्रा से पहले रखें इन बातों का ध्यान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ट्रैफिक डायवर्जन व जाम से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों पर नजर रखें। इसके साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि वे पीक आवर्स में संसद क्षेत्र से बचें और अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके।

LIVE: ‘जंतर-मंतर पर पत्थरों से लदा एक ट्रक खड़ा है’

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन सड़क से लेकर संसद तक भारी हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित ‘संसद मार्च’ के ऐलान के चलते सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। सीजेपी मार्च को अभी तक दिल्ली पुलिस से मंजूरी नहीं मिली है, पुलिस ने इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया था और नई दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी थी।