जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं मिली है। दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सीजेपी ने विरोध-प्रदर्शन किए जाने की जानकारी देरी से दी। कम से कम 10 दिन पहले अनुमति की मंजूरी लेना जरूरी है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को CJP की ओर से सौरव दास का एक पत्र मिला था जिसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन की अनुमति के लिए करीब 10 दिन पहले आवेदन देना जरूरी था।

दिल्ली पुलिस की जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने कहा कि इससे पहले भी कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी। लेकिन उस दौरान पार्टी ने पुलिस के कानूनी निर्देशों और खुद की ओर से दिए गए लिखित आश्वासनों का पालन नहीं किया था। लिखित आश्वासन के बावजूद तय शर्तों का उल्लंघन किया गया था।

उन्होंने कहा कि कानूनी निर्देशों का पालन नहीं करने, मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और यातायात को सुचारु रखना है।

जॉइंट सीपी ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। इसके तहत सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एहतियाती प्रतिबंध लगाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि धारा 163 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

‘गिरफ्तारी से ना डरें’: अभिजीत दीपके बोले- 10 अक्टूबर के दिल्ली प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी की अपील

बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज, यूट्यूबर ध्रुव राठी और संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके समेत कई लोग शामिल हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं के नाम काटे जाने पर सवाल उठाए और चुनाव आयोग की भूमिका की आलोचना की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि SIR के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने का मकसद भाजपा का विरोध करने वाले लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप भी लगाया। पढ़ें पूरी खबर…