कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बुधवार को लोगों से 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज लेकर इकट्ठा होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम दिखाएंगे कि तिरंगा लहराना अपराध नहीं है। इससे पहले दिन में अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार अनौपचारिक आपातकाल लागू कर रही है।

सीजेपी के दो नेताओं को नई दिल्ली के जंतर-मंतर में कथित तौर पर घुसपैठ करने के आरोप में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए अभिजीत दीपके ने जानना चाहा कि जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराकर सौरभ दास और आशुतोष रांका ने क्या अपराध किया है? उन्होंने पूछा, “उनका अपराध क्या था?”

मंगलवार को लिया गया था हिरासत में

सौरव दास और आशुतोष रांका को मंगलवार तड़के हिरासत में लिया गया था, जब उन्होंने कथित तौर पर बैरिकेड तोड़कर बिना अनुमति के जंतर-मंतर क्षेत्र में प्रवेश किया और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। पुलिस के अनुसार उन्हें शांति समझौते का उल्लंघन करने और जंतर-मंतर में घुसपैठ करने के आरोप में बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया। सौरव और आशुतोष को बुधवार सुबह विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था।

जंतर मंतर नहीं रहा प्रदर्शन स्थल

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर को तय प्रोटेस्ट साइट के तौर पर डीनोटिफाई कर दिया था। यानी अब जंतर मंतर प्रदर्शन स्थल नहीं रहा। इसके साथ ही ऐसे प्रदर्शनों के लिए तीन नई जगहों का ऐलान किया गया जिसमें से दो सेंट्रल दिल्ली से बहुत दूर हैं। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार द्वारा जारी एक स्टैंडिंग ऑर्डर के मुताबिक, नई तय प्रोटेस्ट साइट रामलीला मैदान (नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास), बुराड़ी ग्राउंड और शाहदरा में CBD ग्राउंड है।

नए प्रदर्शन स्थल की कैपेसिटी में भी बहुत बड़ा अंतर है। जंतर-मंतर में करीब 3,000 लोग आ सकते हैं। जबकि रामलीला मैदान में करीब 50,000, CBD ग्राउंड में करीब 15,000 और बुराड़ी ग्राउंड में 80,000 लोग आ सकते हैं। इसका मतलब है कि इनमें से किसी भी जगह पर प्रोटेस्ट को बड़ा दिखाने के लिए बहुत ज़्यादा लोगों को इकट्ठा करना होगा।

यह भी पढ़ें-राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बीच समझें ‘गिरफ्तारी’ और ‘हिरासत’ का फर्क, क्या हैं नागरिकों के अधिकार? EXPLAINED

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियां हुई हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।