दिल्ली के नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने गुरुवार को एक नोटिस जारी कर कनॉट प्लेस सेंट्रल पार्ट दो दिनों तक बंद करने का ऐलान कर दिया है। यह वही पार्क है जहां 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी की एक मार्च प्रस्तावित थी।
NDMC ने अपने नोटिस में बताया है कि प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रहेगा। पार्क को बंद करने का यह नोटिस NDMC के निदेशक की ओर से जारी किया गया है। इसके ठीक कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इलाके में धारा 163 पहले से ही लागू है- दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने कहा, “कल 16 अक्टूबर को सीजेपी पर सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों से अपील की है कि वे सेंट्रल पार्क में जमा हों और अपने साथ झंडा लेकर आएं। आम आदमी पार्टी ने भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी अपील की है। लोगों के जानमाल की सुरक्षा और सरकारी व निजी संपत्ति की सुरक्षा के लिए इलाके में बीएनएस की धारा 163 पहले से ही लागू है।”
दिल्ली पुलिस ने आगे कहा, “NDMC ने भी दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। नगर निकाय ने यह भी अनुरोध किया है कि इस अहम और संवेदनशील पार्क की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम किए जाएं और किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को पार्क में घुसने न दिया जाए। कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों में स्थित प्रतिष्ठानों ने उपद्रवियों से अपनी दुकानों की सुरक्षा के लिए भी आवेदन दिए हैं।”
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि हालांकि तिरंगे के साथ आने और राष्ट्रगान के लिए कुछ लोगों के एक ग्रुप को अनुमति दी जा सकती है। इसके लिए सही जगह निर्धारित किया जा सकता है। इस दौरान तिरगें और राष्ट्रगान के प्रति सम्मान बनाए रखना अनिवार्य होगा।
एनडीएमसी ने जारी किया नोटिस
15 अक्टूबर को NDMC ने नोटिस जारी कर कहा, “सूचित किया जाता है कि प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आम जनता के लिए बंद रहेगा।”
16 अक्टूबर को होना था मार्च
शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का “लहरा दो तिरंगा” मार्च प्रस्तावित है। हालांकि CJP को दिल्ली में तिरंगा रैली निकालने की अनुमति अभी तक नहीं मिली है, हालांकि मुंबई पुलिस से सीजेपी को शुक्रवार को आजाद मैदान में रैली करने की मंजूरी मिल गई है।
सीजेपी ने आज ही लोगों से अपील की कि लोग कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क आएं और मार्च का हिस्सा बनें। यह विरोध प्रदर्शन CJP नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास के समर्थन में किया गया है। इन दोनों नेताओं को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजकर तिहाड़ जेल में रखा गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ‘पीस बॉन्ड’ (शांति बनाए रखने के समझौते) का उल्लंघन किया और जंतर-मंतर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया, जबकि जंतर-मंतर को अब विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: CP Tiranga March: कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, हाई कोर्ट में अभिजीत दीपके को लेकर क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हाई कोर्ट को भरोसा दिया है कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ कार्रवाई करेगी। अदालत एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याचिका में चिंता जताई गई थी कि 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में सीजेपी के द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से इस इलाके में व्यावसायिक गतिविधियां बाधित हो सकती हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
