सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को होने वाली सुनवाई से पहले दिल्ली पुलिस ने कहा कि CJP के नेताओं ने अदालत को दिए गए आश्वासनों का खुला उल्लंघन किया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद हुए घटनाक्रम से सार्वजनिक व्यवस्था (public order) बिगड़ने की आशंका पैदा हुई जिसके चलते अतिरिक्त कदम उठाना जरूरी हो गया। पुलिस ने कहा कि ये कदम खुफिया जानकारी के आधार पर उठाए गए थे।

आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से बुलाए गए प्रदर्शनों से निपटने के तरीके को लेकर जअवमानना नोटिस जारी हुआ है। इसके जवाब में सुप्रीम कोर्ट से ‘बिना किसी शर्त के माफी’ मांगी है।

‘खुफिया जानकारी मिली थी’

पुलिस ने कहा कि संसद तक मार्च निकालने की अपील को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उसने दलील दी कि सभी कदम सद्भावना के साथ, कानून के मुताबिक और खुफिया जानकारी के साथ-साथ मौके की स्थिति का आकलन करने के बाद उठाए गए थे।

दिल्ली पुलिस ने अपने कदमों को उचित और परिस्थिति के अनुरूप बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना और लोगों व संपत्ति को नुकसान से बचाना था। पुलिस ने यह भी कहा कि जहां भी संबंधित कानूनी प्रावधान लागू किए गए, वहां सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पूरी सावधानी से पालन किया गया।

अवमानना नोटिस वापस लेने की अपील, 10 अक्टूबर को इंटरनेट बंद करने के फैसले का किया बचाव

इससे पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति और इंटरनेट बंद किए जाने से जुड़े मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने हलफनामे में अदालत से बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के किसी भी निर्देश का जानबूझकर या सोच-समझकर उल्लंघन नहीं किया गया। केंद्र ने अदालत से उसके खिलाफ जारी अवमानना नोटिस वापस लेने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से 11 अक्टूबर 2026 के आदेश में संशोधन की मांग भी की है। सरकार ने कहा कि जरूरत की परिस्थितियों में कानून और वैधानिक सुरक्षा उपायों के अधीन इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने की अनुमति दी जानी चाहिए।