कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की लीगल हेड रत्ना सिंह ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक्टिविस्ट सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें बुधवार को सुबह SCM कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से उन्हें तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है।
रत्ना सिंह के मुताबिक, CJP के इन तीनों एक्टिविस्ट को जंतर-मंतर पर बिना इजाजत घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि मंगलवार को पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया था। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे पर केस दर्ज भी कर लिया गया है।
कोर्ट में आज हो सकती है पेशी
CJP की रत्ना सिंह ने दावा किया है कि सौरव, आशुतोष और अजिंक्या को आज सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है। रत्ना सिंह ने X पर की गई एक पोस्ट में कहा है, “दिल्ली पुलिस ने आज जंतर-मंतर मामले में सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को गिरफ्तार कर लिया। अभी उन्हें पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में रखा गया है।”
‘रात को 3 बजे प्राइवेट वैन से लाया गया संसद मार्ग थाना’
रत्ना की पोस्ट के मुताबिक, “इन तीनों पर बिना इजाजत जंतर-मंतर पर घुसना, बॉन्ड तोड़ना, सरकारी अधिकारी की ड्यूटी में रुकावट डालने के अपराध में केस दर्ज किया गया है और आज इन्हें SCM कोर्ट में पेश किया जाएगा जहां से तीनों को तिहाड़ जेल में ज्यूडिशियल कस्टडी (JC) की संभावना है।” रत्ना ने कहा है, “उन्हें देर रात तक अपने वकीलों से मिलने नहीं दिया गया। उन्हें सुबह 3 बजे एक प्राइवेट वैन में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन लाया गया। इन गैर-कानूनी कामों के बावजूद भी उनके हौसले बुलंद हैं।”
रत्ना सिंह ने एक अन्य X पोस्ट में लिखा है, “सुबह 5:38 बजे का अपडेट – अभी पता चला है कि सौरव, आशुतोष और अजिंक्य को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में SEM के सामने पेश किया जा सकता है। FYI, 24 घंटे की टाइमलाइन जल्द ही खत्म हो जाएगी।”
इससे पहले रत्ना सिंह ने दिल्ली पुलिस पर CJP एक्टिविस्ट से निपटने में मनमानी करने और ऊपर के अधिकारियों के आदेशों का पालन करने का आरोप लगाया था। रत्ना ने आरोप लगाया कि CJP कार्यकर्ताओं को लगभग 24 घंटे तक वकीलों से मिलने नहीं दिया गया और शुरू में उन्हें हिरासत में लेने की वजह के बारे में नहीं बताया गया।
‘CJP से दिल्ली पुलिस को ज्यादा प्यार है’
इस मामले में अभिजीत दीपके ने भी कहा है, “वे अभी भी हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस आम तौर पर हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को शाम तक छोड़ देती है, लेकिन जब CJP की बात आती है तो वे उन्हें रात भर हिरासत में रखते हैं। CJP के लिए यह खास प्यार क्यों दिल्ली पुलिस?”
यह भी पढ़ें: बंगाल की पूर्व CM ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का आरोप, TMC सांसद ने दर्ज कराई शिकायत
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश का आरोप लगाया है। टीएमसी सांसद डोला सेन ने कालीघाट पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के सेक्शन 173 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए एक शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक, यह घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई। इसमें महिला की पहचान तनिष्ठा साहा के तौर पर हुई, जो कथित तौर पर एक सिविक वॉलंटियर और ड्रग एडिक्ट थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…
