दिल्ली में प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार सुबह प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की। पार्टी ने कहा कि प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार करने के लिए जोर-जबरदस्ती न करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने की कोशिश न करें।

कॉकरोच जनत पार्टी की ओर से यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई, जब पुलिस ने सुबह से करीब 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इनमें प्रमुख यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ध्रुव राठी को शनिवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-56 से हिरासत में लिया गया।

हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं

कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे किसी भी उकसावे के बावजूद हिंसा, शारीरिक टकराव, धमकी या डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों। पार्टी ने सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने तथा पत्थरबाजी, आगजनी और बैरिकेड्स तोड़ने से बचने की सलाह दी।

एडवाइजरी में हथियार या खतरनाक वस्तुएं साथ नहीं लाने को भी कहा गया है। यदि कोई व्यक्ति हिंसा या गैरकानूनी गतिविधियों के लिए उकसाता है, तो उससे दूर रहने और संबंधित CJP समन्वयक को सूचना देने की अपील की गई है।

बैरिकेड्स पार न करें, आपातकालीन सेवाओं में बाधा न डालें

मध्य दिल्ली और खासकर जंतर-मंतर के आसपास भारी बैरिकेडिंग के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शनकारियों से प्रशासन के वैध निर्देशों का पालन करने और निर्धारित सीमाओं का सम्मान करने को कहा है। पार्टी ने प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने और आपातकालीन सेवाओं के रास्ते बाधित नहीं करने की भी सलाह दी।

सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने से बचें

सीजेपी ने फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने तथा सोशल मीडिया पर सामग्री साझा करने में भी सावधानी बरतने को कहा है। एडवाइजरी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी अपुष्ट दावों, भ्रामक वीडियो, अफवाहों और तनाव बढ़ाने वाले संदेशों को साझा न करें।

पार्टी ने कहा कि घटनाओं को रिकॉर्ड करते समय पुलिस के काम में बाधा नहीं डालनी चाहिए और न ही किसी की सुरक्षा को खतरे में डालना चाहिए। व्यक्तियों के खिलाफ अपुष्ट आरोप सार्वजनिक करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

हिरासत में लिए जाने पर कानूनी मदद लेने की सलाह

प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले लोगों को हिरासत में लिए जाने की आशंका के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने शारीरिक प्रतिरोध नहीं करने की सलाह दी। पार्टी ने कहा कि हिरासत में लिए जाने पर उसका कारण पूछें और कानूनी सहायता लें। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके और पार्टी के सदस्य आशुतोष रांका, सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 1200 से ज्यादा लोग हिरासत में, 30 हजार जवान तैनात

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने रातभर कार्रवाई करते हुए कम से कम 1200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। यह प्रदर्शन सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हैं। पढ़ें पूरी खबर।