कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका ने पाकिस्तान से फंडिंग मिलने के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को जवाब देते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा है। मंत्री ने आरोप लगाया था कि रांका को पाकिस्तानी नेताओं और उनके संपर्कों के जरिए आर्थिक मदद मिली है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के बयान पर सीजेपी प्रवक्ता रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए कहा, ”अगर ऐसा था तो आप हमसे बातचीत क्यों कर रहे थे?”
आशुतोष रांका ने एक अन्य पोस्ट में केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए लिखा, ”पेपर लीक किसने कराए? पाकिस्तान। स्कूल किसने बर्बाद किए? पाकिस्तान। वोट चोरी किसने करवाई? पाकिस्तान। देश में बेरोजगारी किसने फैलाई? पाकिस्तान।”
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी जितेंद्र सिंह के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मंत्री के बयान का वीडियो साझा किया और उसके साथ एक मजेदार GIF पोस्ट किया जिसमें एक व्यक्ति अपने सिर पर नोटों की गड्डियां रखता दिखाई दे रहा है।
अभिजीत दीपके को यूएस से फंडिंंग मिलने के आरोप
गौर करने वाली बात है कि केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने 3 नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि अभिजीत दीपके को अमेरिका में रहने वाले कुछ लोगों से फंडिंग मिली है जबकि आशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं से कथित तौर पर आर्थिक मदद मिली और उन्हें बिचौलियों के जरिए पैसे दिए गए।
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि विदेशी फंडिंग से चलने वाले NGO, कथित डीप स्टेट से जुड़े लोग और भारत के हितों के खिलाफ काम करने वाले संगठन सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और देश में जनमत को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
जितेंद्र सिंह के ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जा रही है।
अग्निवीरों की सेवा दो साल बढ़ाए जाने पर CJP के सौरव दास क्या बोले
अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार के नए फैसले पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। सरकार ने अग्निवीरों के पहले बैच की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे सरकार का ‘मास्टरस्ट्रोक यू-टर्न’ बताया है।
