कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के Gen-Z पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। अभिजीत दीपके ने न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए कहा कि भागवत के बयान में सबसे अहम बात यह थी कि Gen-Z को एंटी नेशनल नहीं कहा जाना चाहिए।

मोहन भागवत ने मुंबई में ‘इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशन्स’ (आईआईएमयूएन) के एक कार्यक्रम में गुरुवार को Gen-Z और Gen Alpha पीढ़ी के युवाओं को संबोधित किया था।

दीपके ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना Gen-Z का अधिकार है और उनके मुद्दे सही हैं। NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली में हुए आंदोलन का चेहरा बने दीपके ने कहा कि वह मोहन भागवत के बयान से पूरी तरह सहमत हैं।

दीपके ने कहा, “मोहन भागवत एक तरह से बीजेपी के मार्गदर्शक हैं, नरेंद्र मोदी जी के भी गॉडफादर हैं तो वह एक बार यही चीज बीजेपी वालों को बता दें, नरेंद्र मोदी जी को बता दें कि जो युवा हैं, छात्र हैं उन्हें एंटी नेशनल ना कहा जाए।”

दीपके ने कहा कि बीजेपी से जुड़े लोग ही Gen-Z के लोगों को एंटी नेशनल कह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि यह दहशतगर्दों की बी टीम है और बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने Gen-Z को वायरस कहा था।

दीपके ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि ये लोग मोहन भागवत की बात सुनेंगे और उनकी बात मानेंगे क्योंकि ऐसा नहीं हो सकता कि भाजपा के लोग आरएसएस के खिलाफ जाकर कुछ बात कहते हैं और अगर ऐसा कहते हैं तो ऐसे में संघ को भी सोचने की जरूरत पड़ेगी कि बीजेपी वाले मोहन भागवत की बात भी नहीं मान रहे हैं।”

क्या कहा था भागवत ने?

भागवत ने कहा था कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन संवाद का एक वैध तरीका है लेकिन इसका मकसद बंटवारा पैदा करने के बजाय आम सहमति बनाना होना चाहिए। भागवत ने कहा था कि Gen-Z की शिकायतें जायज हैं और मुझे उनकी ईमानदारी पर भरोसा है। भागवत के इस संवाद को आरएसएस की ओर से Gen-Z और Gen Alpha तक पहुंचने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अभिजीत दीपके के घर के बाहर दो युवकों ने दिया धरना

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन से चर्चा में आए कॉकरोच जनता पार्टी की कोर टीम की बैठक के दौरान महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। आंदोलन से जुड़े होने का दावा करने वाले दो युवकों ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके के घर के बाहर धरना दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।