कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने के उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दरअसल, दीपके को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके परिवार से एक दुखद खबर और सामने आई है। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, अभिजीत दीपके की दादी का निधन हो गया है। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में रहने वाली उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके लंबे समय से बीमार थीं और उनकी उम्र 80 वर्ष थी।

जानकारी के मुताबिक, अभिजीत की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके लंबे समय से बीमार थीं। उन्होंने अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। अभिजीत के माता-पिता छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने आवास शंकर सदन से हिंगोली के लिए रवाना हो चुके हैं।

क्या दीपके जाएंगे अंतिम संस्कार में?

दीपके की दादी के निधन के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से एक बयान जारी कहा गया है कि CJP फाउंडर को उनकी दादी के निधन के बारे में बता दिया है। पुलिस ने कहा है कि उनके जाने का फैसले पूरी तरह उन पर ही निर्भर करता है। पुलिस का कहना है, “अब यह उन पर है कि वे यहीं रहकर हिरासत में विरोध जारी रखना चाहते हैं या अंतिम संस्कार के लिए वापस आना चाहते हैं।”

एयरपोर्ट से ही हिरासत में लिए गए दीपके

बता दें कि अभिजीत दीपके शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए मुंबई से रवाना होकर जैसे दिल्ली पहुंचे तो एयरपोर्ट से ही पुलिस के बड़े अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दीपके समेत आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी हिरासत में ले लिया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के उतरते ही पुलिस विमान के अंदर आई और तीनों को हिरासत में ले लिया।

बेटे को हिरासत में लिए जाने पर क्या बोले मां-बाप?

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके माता-पिता ने मीडिया से बात करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। दीपके की मां अनीता दिपके ने कहा, “मुझे बहुत बुरा लग रहा है। मेरा बच्चा देश के लिए अच्छा काम कर रहा है… सरकार गलत काम कर रही है। अंबेडकरवादी लोग उन्हें सबक सिखाएंगे और उनके कामों का नतीजा दिखाएंगे।”

कनॉट प्लेस से हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रोटेस्ट को अनुमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बाद भी सीजेपी के लीडर्स ने यह प्रदर्शन बुलाया था। आज सुबह से ही कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।