CJP Protest: दिल्ली पुलिस की टीम शुक्रवार को झंडेवालान में उस घर पर पहुंची जहां CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया है। दीपके ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को शाम 5 बजे ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी की मौजूदगी में CJP संयोजक को नोटिस दिया गया। नोटिस में कहा गया कि कनॉट प्लेस इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू है। इसमें यह भी बताया गया कि प्रस्तावित तिरंगा यात्रा के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) से अनुमति नहीं मिली है। नोटिस में चेतावनी दी गई कि अगर CJP शनिवार को कनॉट प्लेस में तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला करता है तो इसे BNS की धारा 163 का उल्लंघन माना जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि जब दिल्ली पुलिस अभिजीत दीपके के घर पहुंची तो वह राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लेकर बैठ गए। दीपके को हिरासत में लिए जाने की भी आशंका है। दीपके ने गुरुवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी।
अनुमति मार्च निकालना और भीड़ जुटाना कानून का उल्लंघन
दिल्ली पुलिस की तरफ से दीपके को यह भी बताया गया कि तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ नहीं है। लेकिन बिना अनुमति मार्च निकालना और भीड़ जुटाना प्रतिबंधों का उल्लंघन होगा। ऐसा करने पर पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों और फ्लैग कोड के प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई।
दीपके वीडियो में पुलिस से बात करते हुए कह रहे हैं कि हमने तो यह बोला नहीं कि कोई प्रोटेस्ट है। हमने तो बस यह बोला है कि तिरंगा लहराएंगे तो क्या उसकी भी परमिशन नहीं है? क्या तिरंगा लहराना कानून के खिलाफ है? दीपके पुलिस वालों से बात करते हुए कह रहे हैं कि सीपी में तिरंगा लेकर जाना अवैध है?
आशुतोष रांका व सौरव दास की गिरफ्तारी के विरोध में मार्च
जैसा कि हमने बताया कि CJP ने शुक्रवार शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में रैली का आह्वान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और आशुतोष रांका व सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में प्रदर्शन करने वाली है।
प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन क्षेत्रों में 6 हजार पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के 22000 हजार जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है।
इस बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि NDMC ने पार्क बंद रखने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है।
तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दीपके का बयान
इससे पहले दीपके ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों से व्यवसायों को नुकसान नहीं होता। नुकसान तब होता है जब सरकार पूरे शहर को बंद कर देती है, इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर देती है, अपने ही नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगा देती है और शहर को युद्धक्षेत्र में बदल देती है।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अपनी शुरुआत से ही कॉकरोच जनता पार्टी का यह मानना रहा है कि हम हमेशा गांधीजी के शांति और अहिंसा के रास्ते पर चलेंगे और हम अपने इस वादे पर कायम रहे हैं। हमने मुंबई, पुणे, जयपुर, लखनऊ, बेंगलुरु और नागपुर में विरोध प्रदर्शन किए हैं और ये सभी पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहे हैं।” पढ़ें पूरी खबर…
