दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की प्रस्तावित वॉलंटियर्स की मीटिंग को लेकर विवाद सामने आया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पार्टी की मीटिंग के लिए हॉल बुक करने के बावजूद अंतिम समय में बुकिंग रद्द कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि हॉल मालिकों को धमकी दी गई कि अगर उनके यहां सीजेपी की मीटिंग हुई तो उन्हें ‘उल्टा लटकाया जाएगा।’
अभिजीत दीपके ने कहा कि सीजेपी अपने वॉलंटियर्स के साथ दिल्ली में एक इंडोर मीटिंग आयोजित करने वाली थी। इसके लिए पार्टी ने कई जगहों पर हॉल तलाशे, लेकिन कथित तौर पर किसी भी जगह उन्हें हॉल नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि करीब 10 जगहों पर जाने के बाद भी आयोजकों से कहा गया कि ‘ऊपर से प्रेशर’ है और सीजेपी को हॉल देने पर परेशानी हो सकती है।
दीपके के मुताबिक, काफी कोशिशों के बाद एक हॉल बुक किया गया था और इसके लिए बाकायदा भुगतान भी किया गया। उन्होंने बुकिंग की रसीद दिखाते हुए कहा कि बैठक से पहले सुबह हॉल के मालिकों को कथित तौर पर धमकी भरे फोन आए। उनके अनुसार, मालिकों से कहा गया कि अगर उनके वेन्यू पर सीजेपी की मीटींग होने दी गई तो उन्हें ‘उल्टा लटकाया जाएगा।’
सीजेपी संस्थापक ने इन घटनाओं के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह लोगों को डराने और धमकाने से यह संकेत मिलता है कि बीजेपी देश के युवाओं से डर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कथित हरकतों और धमकियों से सीजेपी के कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे।
दीपके ने यह भी कहा कि बैठक के लिए किसी पुलिस अनुमति की जरूरत नहीं थी, क्योंकि यह एक इंडोर मीटिंग थी और हॉल की बुकिंग की गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि बैंक्वेट हॉल या किसी अन्य निजी हॉल को बुक करने के लिए सामान्य तौर पर पुलिस से अनुमति लेने की आवश्यकता क्यों होगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से सीजेपी के वॉलंटियर्स दिल्ली पहुंचे थे। उनके मुताबिक, इनमें वे लोग भी शामिल थे जिन्होंने पार्टी के हालिया प्रदर्शन को आयोजित करने में मदद की थी।
सीजेपी प्रवक्ता ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी हॉल बुकिंग रद्द होने और कथित धमकियों को लेकर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने बाकायदा भुगतान कर हॉल बुक किया था, तो उसके मालिकों को धमकियां क्यों दी जा रही हैं।
रांका ने पूछा कि अगर किसी ‘लेजिटिमेट मीटिंग’ के लिए लोगों को खुलेआम धमकियां मिल रही हैं, तो दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से सवाल किया कि वह केवल BJP के लिए काम कर रही है या दिल्ली की जनता के लिए भी जिम्मेदार है।
यह भी पढ़ें: CJP के अभिजीत दीपके ने वीडियो कॉल पर देवेंद्र महतो से बात की; बोले- वह एक सच्चे हीरो
अभिजीत दीपके ने लिखा, “मैंने देवेंद्र महतो से बात की, जो पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने मुझे बताया कि अस्पताल ले जाए जाने से पहले पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्हें सीने में दर्द भी हो रहा है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
