कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर लाइबेरी बनाने के लिए दो छात्रों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया और मंच दोनों से दिल्ली पुलिस पर हमला बोला।
अभिजीत दिपके ने मंच से भी दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा और कहा कि अभी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फोन आ जाए तो भागते हुए जाओगे। कोई देशसेवा नहीं कर रहे, कोई नागरिकों की रक्षा नहीं कर रहा आप। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए जिनमें कथित तौर पर एक युवक की गर्दन और हाथ पर चोट के निशान दिख रहे हैं।
दो छात्रों से मारपीट का दावा
सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में, सीजेपी चीफ ने दावा किया कि 2 छात्रों पर तब हमला हुआ जब वे प्रदर्शन स्थल पर लोगों को किताबें पढ़ने को बढ़ावा देने के लिए एक लाइब्रेरी बनाने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने लिखा, “दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर लाइब्रेरी बनाने के लिए दो छात्रों के साथ मारपीट की। ये लड़के बस चाहते थे कि लोग प्रोटेस्ट साइट पर किताबें पढ़ें। पुलिस ने उन पर हमला क्यों किया?” आगे यह भी आरोप लगाया कि हमले के बाद, पुलिस वालों ने छात्रों से पूछा, “प्रूफ क्या है कि हमने मारा?”

ACP पर लगाया आरोप
CJP के संस्थापक ने आरोप लगाया, “एसीपी अजय शर्मा और उनकी टीम ने छत्रपति शिवाजी महाराज और भगत सिंह पर लिखी किताबों समेत अन्य किताबें फेंक दीं और लाइब्रेरी बनाने की कोशिश कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की। हम छत्रपति शिवाजी महाराज और भगत सिंह का अपमान करने के लिए ACP अजय शर्मा को तुरंत सस्पेंड करने की मांग करते हैं।”
एक अन्य पोस्ट में लिखा गया, “जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए लाइब्रेरी बनाने और छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक किताब बांटने के कारण दिल्ली पुलिस ने CJP के एक वॉलंटियर पर बेरहमी से हमला किया।”
फोन आ जाए तो भागते हुए जाओगे सारे- अभिजीत
मंच से भी अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा और कहा, “अजय शर्मा जी किताब पढ़कर ही पुलिस अधिकारी बने थे या भाजपा की सदस्यता लेकर अधिकारी बने थे। और क्या कहना चाहते हो कि कॉकरोचों को खत्म कर दोगे। खुलेआम धमकी दे रहे हो। वर्दी उतारकर भाजपा का झंडा हाथ में ले लीजिए क्योंकि भाजपा के जो अध्यक्ष हैं वह भी यही कह रहे हैं कि कॉकरोचों को सबक सिखाना चाहिए।”
आगे कहा, “अभी अमित शाह का फोन आ जाए तो भागते हुए जाओगे सारे। यही औकात है बस। कोई देश सेवा नहीं कर रहे हो तुम, कोई नागरिकों की सेवा नहीं कर रहे हो तुम, बस एक फोन आ जाए भागते हुए जाओगे तुम। इससे ज्यादा गिरी हुई बेशर्म पुलिस मैंने आजतक नहीं देखी। अगर इतना ही शौक है एक आदमी की सेवा करने का तो वर्दी उतारिए और अंबानी-अडानी का यूनिफॉर्म पहन लीजिए। पूरी दुनिया में थू-थू हो रही तुम लोगों की। शर्म कर लो अनपढ़-गवांरों की सेवा कर रहे हो।”
हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ये आरोप जंतर-मंतर पर क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के पांचवें दिन सामने आए।
सोनम वांगचुक का ब्लग शुगर लेवल गिरा
एक्स पर सोनम वांगचुक की सेहत के बारे में जानकारी देते हुए अभिजीत दिपके ने दावा किया कि सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर लेवल गिरकर 60 हो गया है और ब्लड प्रेशर भी कम बना हुआ है।
उन्होंने कहा, “सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ रही है। उनका शुगर लेवल गिरकर 60 हो गया है और बीपी भी कम हो गया है। अगर सोनम वांगचुक को कुछ भी होता है, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।” अभिजीत दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग भी दोहराई।
यह भी पढ़ें: ‘वायरस-कॉकरोच जैसी पार्टियां…’, CJP पर पहली बार बोले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे हैं। इस बीच पहली बार कॉकरोच जनता पार्टी पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि ऐसी पार्टियां देश के लिए ठीक नहीं हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
