चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत ने कानून के छात्रों को ईमानदारी के रास्ते पर लगातार चलते रहने और शॉर्टकट अपनाने से बचने की सलाह दी है। सीजेआई सूर्यकांत शनिवार को बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) के 34वें दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे।
सीजेआई ने नए लॉ ग्रेजुएट्स से अपील की कि वे किसी के बारे में फैसला करने से पहले उसकी बात सुनें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी से असहमत होते समय भी उसकी गरिमा का सम्मान करें।
इस मौके पर कर्नाटक के मुख्य न्यायाधीश विभु बखरू, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, लॉ की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्र, जज, फैकल्टी और अन्य लोग मौजूद थे।
सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, “जब समझौता करने का मन करे, जब आसान रास्ते लुभाएं और जब दूसरे लोग शॉर्टकट अपनाएं… तब यहां (NLSIU में) मिली समझ को अपना मार्गदर्शक बनाएं और इस प्रतिष्ठित संस्थान में सीखे गए मूल्यों पर कायम रहें।”
सीजेआई ने LLB ग्रेजुएट उर्वशी कृष्णत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उर्वशी को इसी समारोह में अपने साथियों के साथ डिग्री लेनी थी। सीजेआई ने छात्रों के माता-पिता और NLSIU की फैकल्टी की सराहना की। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे केवल कानून के जानकार ही नहीं, बल्कि उम्मीद के अग्रदूत हैं।
नया कैंपस बनाने का फैसला- सीएम
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कर्नाटक हाई कोर्ट में जगह की कमी के मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा, “हमने रेस कोर्स परिसर में 15 एकड़ का नया कैंपस बनाने का फैसला किया है। अगली कैबिनेट बैठक में हम इस पर निर्णय लेंगे।” उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि कर्नाटक हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विभु बाखरू अपने कार्यकाल के खत्म होने से पहले इस काम की शुरुआत होते देख सकेंगे।
पहले यह समारोह 12 सितंबर के लिए तय था लेकिन इसे रद्द कर दिया गया था। तब कुछ छात्रों ने सीजेआई सूर्यकांत और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा की समारोह में मौजूदगी पर आपत्ति जताई थी।
ऑनलाइन प्रोग्राम पूरे करने वाले 1,390 छात्रों के अलावा NLSIU के 330 छात्रों को दीक्षांत समारोह में डिग्रियां दी गईं। अलग-अलग श्रेणियों में दिए गए 50 स्वर्ण पदकों में से 15 पदक अकेले एक छात्र मनहर बंसल ने जीते।
यह भी पढ़ें- ‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले’
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा है कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। सीजेआई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के द्वार सबके लिए खुले हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
