सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने रविवार देर रात विपक्षी नेताओं की मांग को ठुकरा दिया है। इंडिया गठबंधन के नेता बड़ी संख्या में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने जा रहे हैं।
रविवार देर शाम लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी कर लोगों को आह्वान किया था कि वे सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे और सीजेआई सूर्यकांत से एसआईआर मुद्दे और ज्ञानेश कुमार पर एक्शन लेने की बात करेंगे।
CJI ने ठुकराई विपक्षी नेताओं की मांग
CJI सूर्यकांत ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के अनुरोध को ठुकरा दिया है। दोनों नेताओं ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए कल बैठक करने की मांग की थी।
सीजेआई ने कारण भी बताया
सूत्रों के मुताबिक, राहुल और मल्लिकार्जुन के आधिकारिक ईमेल के जवाब में CJI सूर्यकांत ने बैठक न करने का कारण भी बताया। उन्होंने कहा, इस समय अभी ऐसी बैठक करना बिल्कुल भी उचित नहीं होगा, क्योंकि जिन मुद्दों पर चर्चा की जानी है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सीजेआई ने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों से मिलना सत्ता के पृथक्करण (Separation of Powers) का उल्लंघन होगा।
कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की लिए स्वतंत्र
CJI ने आगे यह भी बताया है कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत, सुप्रीम कोर्ट एग्जीक्यूटिव (कार्यपालिका) के कामकाज में उसके प्रशासनिक पक्ष पर दखल नहीं दे सकता। हालांकि, यह साफ किया गया कि विपक्षी नेता न्यायिक पक्ष पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने के लिए स्वतंत्र हैं।
ईमेल में दोनों नेताओं को यह भी बताया गया कि विपक्ष के किसी भी नेता की ओर से दायर याचिका पर उन मामलों के साथ सुनवाई की जा सकती है जो SIR प्रक्रिया से जुड़े हैं और जिनकी सुनवाई मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में पहले से ही होने वाली है।
राहुल गांधी ने की थी घोषणा
आज राहुल गांधी ने एक वीडियो के जरिए घोषणा की कि विपक्षी पार्टियां कल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी और CJI सूर्यकांत को एक ज्ञापन सौंपकर SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगी। मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी यही योजना बताई और कहा कि उन्होंने कल शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच CJI के साथ बैठक तय की है। यह मार्च 12 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे के बाद या 1 बजे शुरू होनी है।
बताया जा रहा कि इस मार्च में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, पिनाराई विजयन और अखिलेश यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: ‘कल पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा…’, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJI से मिलेगा विपक्ष
सोमवार को इंडिया गठबंधन के नेता दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर उतरेंगे। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार शाम को ऐलान किया है कि यह मार्च सुप्रीम कोर्ट तक किया जाएगा। इस पर राहुल गांधी ने संविधान हाथ में लिए हुए एक वीडियो भी जारी किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
