झारखंड की राजधानी में छात्रों के विधानसभा घेराव और लाठीचार्ज के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस और प्रशासन की स्थिति संभालने के लिए धन्यवाद दिया है। साथ ही उन्होंने युवा प्रदर्शनकारियों के नाम अपना संदेश भी जारी किया है।

रांची में सोमवार को छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है। इस लाठीचार्ज के कारण कई छात्र घायल हो गए हैं। इधर विधानसभा के बाहर दिन भर चले विरोध प्रदर्शन के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रशासन और पुलिस को दिया धन्यवाद

उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आज के छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ हालात को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों का मैं धन्यवाद करता हूं।”

‘मांगों पर गंभीरता के साथ कार्रवाई होगी’

आगे उन्होंने युवाओं को लेकर कहा, “आपने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाई। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का आपका अधिकार है और आपकी आवाज़ का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार ने आपकी बात सुनी है। हमारे सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण आपसे लगातार संवाद करते रहे हैं और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी।”

हेमंत ने अपने सरकार के दौरान जेपीएससी अध्यक्ष और अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर कहा, “पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को भी बख्शा नहीं है। हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि व्यवस्था में ऐसी कमियां दूर हों, जिससे भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी न उठानी पड़े।”

समाधान की एक नई मिसाल कायम हो- मुख्यमंत्री

आगे कहा, “हम परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं। इस बदलाव में आपकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास है कि झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा न करे, बल्कि यहाँ से समाधान की एक नई मिसाल कायम करे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं यह भी समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की। आप सभी से अपील है कि आप ऐसे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं। आप झारखंड का भविष्य हैं। आपकी आवाज़ को नजरअंदाज करना नहीं, उसे सुनना और आपकी समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। मैं अपनी बात दोहराऊंगा कि आइए, संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस मुद्दे का समाधान करें।”

रांची प्रदर्शन से जुड़ी पल पल की अपडेट के लिए यहां क्लिक कर जनसत्ता लाइव से जुड़ें

यह भी पढ़ें: आंदोलन के बीच टूटे बैरिकेड, चलीं लाठियां, बरसी पानी की बौछार और आंसू गैस, तस्वीरों में देखें रांची का मंजर

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का आंदोलन सोमवार, 10 अगस्त को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राजधानी रांची में झारखंड विधानसभा की ओर मार्च करते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने एक के बाद एक बैरिकेड तोड़ दिए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें