कांग्रेस नेता डीके शिवाकुमार ने कर्नाटक के सीएम पद की शपथ ले ली है। उन्हें राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई हैं। शपथग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सिद्धारमैया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। खास बात यह भी रही कि डीके शिवकुमार ने संविधान की प्रति के साथ शपथ ली। डीके शिवकुमार की नई सरकार की कैबिनेट में डिप्टी सीएम के तौर पर सिद्धारमैया के करीबी रहे जी परमेश्वर ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है।
पीएम मोदी ने दी डीके शिवकुमार को बधाई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री की शपथ लेने पर डीके शिवकुमार को बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर डी.के. शिवकुमार जी को हार्दिक बधाई। उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। केंद्र सरकार जनता के कल्याण के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।"
डीके शिवकुमार की कैबिनेट में कैसे होगा विभागों का बंटवारा
DK शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार में कई अहम विभाग सीनियर मंत्रियों और नए चेहरों को सौंपे जाने की संभावना है, क्योंकि विभागों के बंटवारे पर चर्चा अब अपने अंतिम चरण में है। जानकारी के मुताबिक, KH मुनियप्पा के दामाद कृष्णा बायर गौड़ा को बेंगलुरु विकास (BMRDA को छोड़कर) की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि रामलिंगा रेड्डी को जल संसाधन विभाग मिलने की उम्मीद है। UT खादर को स्वास्थ्य विभाग दिए जाने की उम्मीद है, MB पाटिल उद्योग विभाग का कार्यभार संभाल सकते हैं और शरण प्रकाश पाटिल चिकित्सा शिक्षा विभाग की ज़िम्मेदारी निभा सकते हैं।
प्रियांक खड़गे भी बने मंत्री
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। उन्हें डीके सरकार में गृह विभाग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जी परमेश्वर ने ली अंबेडकर के नाम पर शपथ
कांग्रेस के सीनियर नेता जी. परमेश्वर ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। परमेश्वर ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर शपथ ली। पदभार ग्रहण करते वक्त उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माता को याद किया। नए मंत्रिमंडल में उनका शामिल होना डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार में एक अहम नियुक्ति है।
कर्नाटक के 34वें सीएम डीके शिवकुमार
डीके शिवकुमार राज्य के 34वें मुख्यमंत्री बने हैं। डीके ने संविधान हाथ में लेकर सीएम पद की शपथ ली है, जो कि आम तौर पर नेता विपक्ष राहुल गांधी का स्टाइल माना जाता है।
डिप्टी सीएम बने जी परमेश्वर
डीके शिवकुमार की कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री पद के लिए जी परमेश्वर ने शपथ ले ली है। जी परमेश्वर कर्नाटक कांग्रेस में सिद्धारमैया गुट के दिग्गज नेता माने जाते हैं।
डीके शिवकुमार ने ली सीएम पद की शपथ
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन हो गया है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने राज्य के सीएम पद और गोपनीयता की शपथ ले ली है।
डीके शिवकुमार ने लिया मां का आशीर्वाद
कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार लोक भवन में सीएम पद की औपचारिक शपथ लेने वाले है। इससे पहले उन्होंने मां गौराम्मा का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
शपथ से पहले डीके ने लिया मां का आशीर्वाद
शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई जाएगी- कांग्रेस नेता
आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह पर कांग्रेस नेता यू.टी. खादर ने कहा, "आज का दिन एक महत्वपूर्ण और शुभ अवसर है। सभी अपना समर्थन दे रहे हैं और सभी इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई जाएगी। उस बैठक के बाद ही हम अपनी चर्चा करेंगे।"
शाम 4.05 बजे शपथ लेंगे डीके शिवकुमार
बेंगलुरु में डीके शिवकुमार के शपथ समारोह की तैयारियां चल रही है। डीके शाम 4.05 बजे शपथ लेंगे।
जी परमेश्वर बनेंगे डिप्टी सीएम
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने पुष्टि की है कि कांग्रेस नेता जी परमेश्वर (जो सिद्धारमैया के मंत्रिमंडल में राज्य के गृह मंत्री थे) आज लोक भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने की शिवकुमार की तारीफ
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह पर राज्य मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा, "वे बहुत अनुभवी व्यक्ति हैं। शायद ही किसी और ने कर्नाटक और कांग्रेस पार्टी के लिए उतना काम किया हो जितना उन्होंने किया है।"
हमारा लक्ष्य 2028 के चुनाव- पूर्व राज्य मंत्री सतीश जारकीहोली
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह पर पूर्व राज्य मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा, "हाई कमांड ने डीके शिवकुमार के संबंध में निर्णय ले लिया है और उनकी टीम का चयन भी उन्हीं के द्वारा, हाई कमांड और सिद्धारमैया द्वारा किया जाएगा। इसके बाद हमें उम्मीद है कि एक अच्छी सरकार अच्छा काम करेगी। हमारा लक्ष्य 2028 के चुनाव हैं।"
येदियुरप्पा से मिले डीके शिवकुमार
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से डीके शिवकुमार ने मुलाकात की। मुलाकात के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार ने कहा, "उन्होंने राज्य का मार्गदर्शन किया है और इसके लिए काम किया है। हम सभी को मिलकर काम करना होगा।"
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे खड़गे-राहुल
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं।
DK Shivakumar Oath Ceremony LIVE: डीके शिवकुमार आज लेंगे सीएम पद की शपथ
कांग्रेस नेता डीके शिवाकुमार आज शाम 4 बजे कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे।

