मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में हो रहे प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने CEC ज्ञानेश कुमार की सिक्योरिटी बढ़ा दी है। पुलिस को यह जानकारी मिली है कि ज्ञानेश कुमार को नई धमकी मिली है। ऐसे में उनके घर के बाहर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।

पहले से Z-प्लस सिक्योरिटी के साथ चलने वाले ज्ञानेश कुमार को अतिरिक्त सुरक्षा दे दी गई है। दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच उनके घर के बाहर और पुलिसवाले तैनात किए गए हैं। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि नई इंटेलिजेंस जानकारी और नई दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

‘किसी अनहोनी को रोकने के लिए बढ़ाई सुरक्षा’

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा है, “लोकल डिस्ट्रिक्ट पुलिस को भी जवानों की तैनाती बढ़ाने के लिए कहा गया है। चूंकि नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट में पहले से ही विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं, इसलिए सभी सिक्योरिटी एजेंसियों को किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है।”

बंगाल, कश्मीर और छत्तीसगढ़ से बुलाई फोर्स

SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की लीडरशिप में इंडिया ब्लॉक के नेताओं के विरोध के बीच ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई है। बता दें कि इंडिया ब्लॉक गठबंधन लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8 से 12 अक्टूबर के बीच राजधानी में अतिरिक्त फोर्स तैनात रहेगी। सशस्त्र पुलिस बलों की 221 कंपनियां – लगभग 23,000 सुरक्षाकर्मी पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ से बुलाए गए हैं।

कहां-कहां होगी फोर्स की तैनाती?

अतिरिक्त फोर्स की तैनाती राजधानी में महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, पब्लिक प्लेस में लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए की जाएगी। बता दें कि इस हफ्ते के लगातार तीसरे दिन यानी गुरुवार को भी दिल्ली, से लेकर बिहार, नागपुर और हैदराबाद समेत कई राज्यों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। गुरुवार को फिर से इंडिया ब्लॉक गठबंधन के सांसदों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कनॉट प्लेस में लंच के लिए बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका गांधी पर तीन और FIR, कल हुए प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, जवानों के साथ कथित मारपीट का आरोप

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को विपक्ष के प्रदर्शन के सिलसिले में तीन एफआईआर दर्ज की हैं। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में और भी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। इन एफआईआर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी से जुड़ी अलग-अलग धाराएं लगाई गई हैं। अब तक दर्ज एफआईआर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…