Cockroach Janata Party Jantar Mantar Protest: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को पूरे दिन कनॉट प्लेस में पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने रहे। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने लोगों से जंतर-मंतर पर पहुंचने की अपील की थी। लोगों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त किए थे।
दिल्ली पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर तक नहीं पहुंचने दिया।
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी संयोजक अभिजीत दीपके, चार पूर्व मुख्यमंत्रियों और यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। लुटियन दिल्ली में 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और कई स्तरों पर बैरिकेड लगाए गए।
केजरीवाल, ममता, विजयन और मणिक सरकार हिरासत में
जिन चार पूर्व मुख्यमंत्रियों को हिरासत में लिया गया, उनमें अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, पिनाराई विजयन और मणिक सरकार शामिल हैं। इसके अलावा भी विपक्ष के कई नेताओं को राजधानी में अलग-अलग जगहों से हिरासत में ले लिया गया। ये नेता प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे। सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को शाम को हिरासत से रिहा कर दिया गया।
मुंबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के उतरते ही दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके और सीजेपी के दो अन्य नेताओं- सौरव दास तथा आशुतोष रांका को विमान के भीतर से ही हिरासत में ले लिया। सीजेपी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में दीपके ने विमान में आए पुलिस अधिकारियों से कहा, ”हम यहां गिरफ्तार होने आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।”
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं
दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीजेपी के पास जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। दीपके ने कहा कि सीजेपी नेताओं को अपराधियों की तरह हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी ऐसा नहीं किया था और यह तानाशाही के जैसा है। यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए कई नेताओं ने दावा किया कि पुलिस उन्हें घंटों तक वाहनों में इधर-उधर घुमाती रही। सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी, वामपंथी नेता बृंदा करात, सीपीआई (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, वकील प्रशांत भूषण और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी हिरासत में लिया गया।
विपक्षी दलों ने इसे आपातकाल से भी बदतर हालात बताया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने युवाओं से प्रदर्शन जारी रखने की अपील की और कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि शासन और संविधान पर हमला करने वाले लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़े। राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चेन्नई में थे।
पथराव की घटना हुई, सात पुलिसकर्मी घायल
दिन में करीब एक बजे इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेड लांघने के बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। शाम को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर के पास भी इसी तरह की घटना हुई, जहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कुल सात सुरक्षाकर्मी घायल हुए।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा…’
विपक्षी इंडिया गठबंधन ने ऐलान किया है कि 12 अक्टूबर को वह दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
