Chhattisgarh Power Plant Explosion News: मंगलवार दोपहर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक पावर प्लांट की बॉयलर यूनिट में धमाके के बाद कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह धमाका सिंहितराई गांव में वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में दोपहर करीब 2 बजे एक बॉयलर ट्यूब में हुआ। सक्ती ज़िले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा, “कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है और बचाव अभियान जारी है।” ठाकुर ने बताया कि कई मजदूरों को भी बचा लिया गया है। उन्होंने कहा, “हमने अधिकारियों से बॉयलर का काम बंद करने को कहा है ताकि वह ठंडा हो जाए और हम बचाव अभियान को आगे बढ़ा सकें। हमने अपनी मदद के लिए और लोगों को बुलाया है।”
लोगों को बेहतर इलाज मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता- वेदांता लिमिटेड
एक बयान में वेदांता लिमिटेड छत्तीसगढ़ थर्मल पावर प्लांट ने कहा, “हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि 14 अप्रैल 2026 की दोपहर सिंहितराई में हमारे प्लांट की यूनिट 1 के बॉयलर में एक घटना हुई है, जिसमें हमारे बिजनेस पार्टनर, NGSL के कर्मचारी शामिल हैं।” बयान में कहा गया, “हमारी पहली प्राथमिकता प्रभावित सभी लोगों को बेहतरीन मेडिकल मदद और इलाज मुहैया कराना है। हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और मेडिकल टीमों तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”
घटना की जांच शुरू
बयान में आगे कहा गया, “हम घटना की पूरी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया में हैं और अपने पार्टनर और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक पूरी जांच शुरू कर दी गई है।” प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद प्लांट में भगदड़ की स्थिति बन गई थी, कई मजदूर झुलस गए, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। बचाव दल द्वारा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वेदांता पावर प्लांट हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में कुछ श्रमिकों के निधन और घायल होने का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
सीएम ने आगे लिखा, “जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को 2003 में राम अवतार जग्गी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे और पूर्व विधायक अमित जोगी को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रामावतार जग्गी की 2003 में हुई हत्या के मामले में दोषी ठहराया और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई है। साल 2007 में ट्रायल कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था लेकिन हाई कोर्ट ने उस फैसले को पलट दिया। पढ़ें पूरी खबर…
