महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने शुक्रवार को मीडिया के सामने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हम, सुनील तटकरे और प्रफुल पटेल मुख्यमंत्री से मिले हैं। कल हो सकता है कि सारी प्रक्रिया पूरी हो जाए।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एनसीपी 31 जनवरी को अपने विधायक दल की बैठक आयोजित करेगी, जिसमें दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा को पार्टी नेता घोषित करेगी।

कितने बजे होगी बैठक?

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने पार्टी व्हिप जारी कर 31 जनवरी 2026 को दोपहर 2:00 बजे मुंबई के विधान भवन में महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद के अपने सभी सदस्यों की बैठक बुलाई है।

मुख्यमंत्री को नहीं है आपत्ति

एनसीपी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए छगन भुजबल ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें सुनेत्रा पवार के नाम पर कोई आपत्ति नहीं है, वह शनिवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती है, बशर्ते विधायक दल औपचारिक रूप से इस पर फैसला ले लें।

बता दें कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की बुधवार को एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई, जिसके बाद से इस पद को लेकर सुनेत्रा का नाम चल रहा है।

कल हो सकती है शपथ

छगन भुजबल ने कहा, शनिवार को एनसीपी की विधायक दल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को नेता चुना जाएगा। कई नेता उन्हें उपमुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनेत्रा पवार ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और शनिवार को होने वाली एनसीपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना जाएगा। साथ ही 31 जनवरी की शाम पांच बजे को ही सुनेत्रा डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकती हैं।

हो सकता है फैसला

पीटीआई के मुताबिक, छगन भुजबल ने कहा, “हम मुख्यमंत्री से मिले, हम कल रात भी उनसे मिले थे। हमने पूछा कि क्या शपथ ग्रहण समारोह और दूसरी सभी औपचारिकताएं कल (शनिवार) पूरी की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। जैसा कि आप जानते हैं, जब किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो कभी-कभी शोक तीन दिन तक चलता है, कभी-कभी दस दिन तक, इस दौरान लोग बाहर नहीं निकलते। मुझे ऐसे सभी रीति-रिवाजों की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन इन मामलों पर विचार किया जा रहा है। सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल भी अपनी राय दे रहे हैं। किसी भी हाल में, अगले दो से तीन घंटे में फैसला ले लिया जाएगा।”

जानकारी दे दें कि NCP के नेताओं ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और पार्टी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पास रहे विभागों पर दावा किया, जिनकी बुधवार को एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। आगे पढ़िए ‘अजित दादा मुझे आपसे शिकायत है’, भतीजे रोहित पवार की भावुक पोस्ट, बोले- आपको इस बात की चिंता क्यों नहीं हुई…