पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी चेतन और सिया को पहले से इस बात का अंदाजा था कि जांच के दौरान उनसे क्या सवाल पूछे जाएंगे। ऐसे में दोनों ने ऑनलाइन ही उन सवालों के जवाब खोज लिए थे और उसी स्क्रिप्ट के तहत जांच में जवाब दिए।
आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जिस दिन लोहागढ़ किले से केतन को धक्का दिया गया, उस दिन चेतन अपना हुलिया बदलकर वहां पहुंचा था। दरअसल, केतन और चेतन की वीडियो कॉल पर पहले ही दो बार बातचीत हो चुकी थी। केतन, चेतन को सिया के करीबी दोस्त के तौर पर जानता था। ऐसे में जब चेतन लोहागढ़ किले पर पहुंचा तो उसने एक हुडी पहन रखी थी। इस वजह से सीसीटीवी में उसकी तस्वीर भी साफ दिखाई नहीं दी।
बड़ी बात यह है कि केतन को धक्का देने के बाद हालात को पूरी तरह सामान्य दिखाने की कोशिश की गई। चेतन आराम से लोहागढ़ किले से नीचे उतरा। उसने रास्ते में कई लोगों से सामान्य तरीके से बातचीत की, एक जगह चाय भी पी और बाद में घर जाकर व्हाट्सऐप के जरिए सिया से लगातार संपर्क में रहा। बताया जा रहा है कि दोनों ने अपने कई मैसेज डिलीट भी कर दिए थे। फिलहाल फॉरेंसिक टीम उन मैसेज को रिकवर करने की कोशिश कर रही है।
वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि सिया, केतन के हकलाने और सिर पर कम बाल होने की वजह से भी उससे नाराज थी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस थ्योरी की पुष्टि नहीं की है।
दूसरी तरफ, सिया के माता-पिता का बयान भी सामने आया है। उनका कहना है कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उधर, आरोपी चेतन के पिता का कहना है कि सिया उनके बेटे को फंसाने की कोशिश कर रही है।
वैसे इंडियन एक्सप्रेस ने भी केतन हत्याकांड को लेकर 6 खुलासे किए हैं। उन 6 खुलासों को यहां आसान भाषा में समझते हैं-
खुलासा नंबर 1: 4,400 कॉल्स
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, चेतन और सिया के बीच केतन की हत्या से पहले करीब 4,400 कॉल्स हुई थीं। पुलिस को शक है कि इन्हीं कॉल्स के जरिए केतन की हत्या की पूरी साजिश रची गई थी।
खुलासा नंबर 2: सिया के जन्मदिन पर बनी हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक, सिया के जन्मदिन पर उसकी चेतन से मुलाकात हुई थी। इसी दौरान केतन की हत्या की योजना बनाई गई। उसी दिन ऐसे स्थान की भी तलाश की गई, जहां से केतन को धक्का दिया जा सके।
खुलासा नंबर 3: केतन के वायरल वीडियो
एक तरफ सिया और चेतन कथित तौर पर हत्या की साजिश रच रहे थे, तो दूसरी तरफ इन सबसे अनजान केतन सिया का जन्मदिन खास बनाने की हर संभव कोशिश कर रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो इस बात की तस्वीर पेश कर रहे हैं। इनमें सिया को गिफ्ट देते, दोनों को साथ में डांस करते और जन्मदिन मनाते देखा जा सकता है।
खुलासा नंबर 4: केतन का पासपोर्ट गायब होना
पुलिस के मुताबिक, केतन और सिया प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाने वाले थे। लेकिन बड़ी चालाकी से केतन का पासपोर्ट एक फूड प्लाजा की डस्टबिन में फेंक दिया गया। दोनों को मुंबई से बाली की फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन पासपोर्ट गायब होने की वजह से यह ट्रिप रद्द करनी पड़ी।
खुलासा नंबर 5: पहले भी कई बार लोहागढ़ फोर्ट गए थे सिया और केतन
केतन की बहन संजना और परिवार के अन्य लोगों से बातचीत में पता चला है कि सिया ने केतन को कई बार लोहागढ़ फोर्ट चलने के लिए कहा था। आरोप है कि उस समय भी चेतन चुपचाप दोनों का पीछा करता था।
खुलासा नंबर 6: सिया के लगातार बदलते बयान
केतन की मौत को लेकर सिया ने पहले दावा किया था कि तस्वीर खींचते समय वह नीचे गिर गया। बाद में उसने कहा कि पानी की बोतल देते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। पुलिस का कहना है कि जिस जगह से केतन गिरा, वहां से फिसलना आसान नहीं था। इसी वजह से सिया पर पुलिस का शक और गहरा हो गया।
ये भी पढ़ें- केतन हत्याकांड में सिया को लेकर क्या बातें पता चलीं?
