देश की राजनीति में कैबिनेट फेरबदल, सहयोगी दलों के साथ रिश्तों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। इस बीच सौरव दास ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए सरकार की कार्यशैली, कैबिनेट में कथित असंतोष और विपक्षी दलों को निशाना बनाने की राजनीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है और कैबिनेट में आंतरिक बगावत के कारण लंबे समय से जरूरी फेरबदल नहीं हो पा रहा है।

सौरव दास ने अपने पोस्ट में कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है कि BJP सरकार अपने ही कैबिनेट के भीतर उठ रहे असंतोष को दूर नहीं कर पा रही है। उनके मुताबिक, इसी वजह से लंबे समय से कैबिनेट में प्रस्तावित फेरबदल अटका हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में अब तक पूर्णकालिक और सिर्फ शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने वाला शिक्षा मंत्री नहीं है। उनके मुताबिक, मंत्रिमंडल में कई मंत्री अपने पद से इस्तीफा देने को तैयार नहीं हैं, जिसकी वजह से फेरबदल की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

हरदीप सिंह पुरी को लेकर भी उठाए सवाल

सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का जिक्र करते हुए भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि एपस्टीन से कथित संबंधों को लेकर उठे सवालों के कारण हरदीप सिंह पुरी को मंत्रिमंडल से हटाए जाने की चर्चा थी, लेकिन इसके बावजूद वह राज्यसभा में दोबारा चुने जाने में कामयाब रहे। सौरव दास ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए दबाव बनाने में सफलता हासिल की।

NCP और शिवसेना के गुटों को निशाना बनाने का आरोप

अपनी पोस्ट में सौरव दास ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और शिवसेना के अलग-अलग गुटों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अब इस तरह की राजनीति को पसंद नहीं कर रहे हैं और लगातार इसे खारिज कर रहे हैं।

उन्होंने बीजेपी पर क्षेत्रीय दलों को तोड़ने, कथित तौर पर अवैध सरकारें बनाने, पैसे के दम पर सांसदों और विधायकों को अपने पाले में लाने और राजनीतिक विरोधियों को व्यक्तिगत निशाना बनाने जैसे आरोप लगाए। उन्होंने ‘मैं नहीं जाऊंगा’ जैसे अभियानों को भी सरकार की असुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि इससे सत्ता पर पकड़ कमजोर होने का संकेत मिलता है।

चुनाव आयोग और SIR को लेकर भी लगाए आरोप

सौरव दास ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने ‘SIR-ज्ञानु-इलेक्शन कमिशन फ्रॉड’ का जिक्र करते हुए कहा कि आम नागरिकों के मन में भी अब चुनावों की निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। उनके मुताबिक, इन सभी घटनाओं के चलते सरकार अपनी नैतिक वैधता खो चुकी है और उसे सत्ता में बने रहने का मोरल अथॉरिटी नहीं रह गया है।

युवाओं को बताया बदलाव की उम्मीद

सौरव दास ने अपनी पोस्ट में युवाओं की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि देश के युवा अब सस्ती राजनीति और भ्रष्ट व्यवस्था को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। युवा एकजुट होकर बेहतर व्यवस्था और बदलाव की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व की बात बताया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार ने उनके जैसे कुछ लोगों को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाने के लिए अब तक करीब 20 से 25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि बदलाव की आहट उनके या उनके जैसे लोगों के बिना भी सुनाई दे रही है।

अपनी पोस्ट के आखिर में सौरव दास ने कहा कि देश में बदलाव अब ज्यादा दूर नहीं है। उनके मुताबिक, मौजूदा राजनीतिक हालात इस बात का संकेत हैं कि सरकार के खिलाफ लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और युवा अब एक नई राजनीतिक व्यवस्था चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: जज को बताया ‘मास्टर का सेवक’, CJP की रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही का रास्ता साफ

दिल्ली सरकार के एडिशनल स्टैंडिंग काउंसिल अमोल सिन्हा ने CJP की रत्ना सिंह के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए सहमति दे दी है। यह मामला साकेत कोर्ट के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अभिनव पांडे के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।