Suvendu Adhikari PA Chandra Murder: पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता और मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ रथ की मध्यमग्राम में सरेराह बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चश्मदीदों के मुताबिक वह कुछ लोगों के साथ थे, तभी हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। इस घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रा की गोली मारकर हत्या किए जाने पर एक चश्मदीद ने बताया, “जैसे ही चंद्रा की कार मेरी कार के पास से गुज़री, वह अचानक बीच रास्ते में रुक गई और बाइक पर सवार एक व्यक्ति आया और कार के बाईं ओर गोलीबारी शुरू कर दी।”
चश्मदीद ने आगे बताया कि वह व्यक्ति काफी माहिर लग रहा था। वह तुरंत वहां से भाग निकला। ऐसा लग रहा था कि यह सब पहले से ही प्लान किया गया था। गोलियां बिल्कुल करीब से चलाई गई थीं। मैंने 2 राउंड गोलियों की आवाज़ सुनी। उन्होंने कहा कि यह घटना रात 10.30 बजे से 11 बजे के बीच हुई। यह घटना अस्पताल से 200-300 मीटर की दूरी पर हुई। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और कार के ड्राइवर को भी गोली लगी थी।
वहीं, भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह एक सोची-समझी हत्या है, और DGP ने भी यही कहा है। 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हम शोक में हैं और इस घटना की निंदा करने के लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से हमारे पूरे नेतृत्व ने इस बारे में जानकारी ली है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने (मृतक के) परिवार और पुलिस से बात की है। विभिन्न नेता और चुने हुए विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से यहां आए हैं। पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वे जांच करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि यह 15 साल के ‘महा-जंगल राज’ का नतीजा है। BJP यहां के गुंडों को खत्म करने का काम शुरू करेगी।
पश्चिम बंगाल के DGP सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि हमने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। हमने अपराध में इस्तेमाल हुई 4-पहिया गाड़ी को ज़ब्त कर लिया है, लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं कि गाड़ी की नंबर प्लेट नकली है और उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। हमें घटनास्थल से ज़िंदा कारतूस और चले हुए कारतूस मिले हैं। चश्मदीदों और सबूतों की जांच की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी (राजू) ने कहा कि हम लोग गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। 2021 में चुनाव के बाद हमारे 300 कार्यकर्ताओं की हत्या TMC के गुंडों ने की थी। हम राष्ट्रीय पार्टी हैं हम ये सब बर्दाश्त नहीं करते हैं। हमने कार्यकर्ताओं को निर्देश दे दिया कि TMC जो भड़का रही है उसमें मत जाइए। लेकिन कितने देर तक आप रोकेंगे। मैं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद कर रहा हूं। ये प्लान करके हत्या की गई है। पाताल से भी निकाला जाएगा।
BJP नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह शायद भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का नतीजा है। CCTV फुटेज की अभी जांच की जा रही है। चंद्र एक भरोसेमंद इंसान थे, वे नेता प्रतिपक्ष के दफ़्तर के सारे कामकाज देखते थे, हमारे विधायकों के लिए भाई जैसे थे, और कई तरह के दूसरे काम भी संभालते थे। जिस इंसान का BJP से कोई लेना-देना ही नहीं था, उसकी हत्या क्यों की गई? जनता में भारी गुस्सा है। हमने तो शांति चाही थी, लेकिन अब परिवार ज़रूर जवाब मांगेगा, अभी कुछ देर पहले ही, हमारे एक बूथ कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किया गया और वह अभी अस्पताल में भर्ती है।
नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से विजयी भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई है। वे एक संदेश देना चाहते हैं कि हम सरकार में भले ना हो लेकिन हम तुम्हारे ऊपर भारी हैं। वे मूर्ख हैं इसका जवाब मिलेगा।
वहीं, टीएमसी ने X पर एक बयान में कहा, “हम आज रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की क्रूर हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर किए गए चुनावोत्तर हिंसा की घटनाओं में तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं, जबकि आदर्श आचार संहिता लागू है।”
टीएमसी ने कहा, “हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि दोषियों की पहचान करके उन्हें तुरंत न्याय के कटघरे में लाया जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।”
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों में बीजेपी की जीत के हीरो माने जाने वाले दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी और PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ पर कई राउंड गोलियां चलाईं गई और बहुत पास से उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। इसके अलावा उनके पीएस (सुरक्षागार्ड) बुद्धदेव को भी गोली मारी गई है। पढ़ें पूरी खबर।
