उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हुआ। हादसे के समय सुरंग के भीतर 22 मजदूर मौजूद थे। शुरुआती रेस्क्यू में कई मजदूरों को बाहर निकाला गया लेकिन मृतकों की संख्या बढ़कर 7 बताई जा रही है, जबकि 6 मजदूर अभी लापता हैं। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे और उन्होंने ताजा स्थिति का जायजा भी लिया।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), सेना, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सुरंग में फंसे मजदूरों की तलाश में जुटी हैं। सुरंग के भीतर पानी और गाद भरे होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किल आ रही है। हादसा पीपलकोटी के पास मायापुर क्षेत्र में करीब 2 किलोमीटर लंबी टेल रेस टनल में हुआ, जहां भूस्खलन के बाद पानी और मलबा अचानक सुरंग में घुस गया। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल का प्राथमिक लक्ष्य लापता मजदूरों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।
Chamoli Tunnel Accident LIVE: रेस्क्यू और इलाज में नहीं होगी कोई कमी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रखी जा रही है। उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आवश्यकता के अनुरूप विशेषज्ञ उपचार, दवाइयों, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
Chamoli Tunnel Accident LIVE: सीएम धामी ने की झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी टनल हादसे को लेकर झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से दूरभाष पर वार्ता कर श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित श्रमिकों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
Chamoli Tunnel Accident LIVE: तीन लोगों की तलाश जारी
चमोली के पिपलकोटी के मायापुर में बन रही THDC टनल के अंदर फंसे 22 में से 19 मजदूरों को बचा लिया गया है, अभी तीन की तलाश जारी है। टनल में गए सभी 6 बचावकर्मी सुरक्षित हैं, सात लोगों की मौत की खबर है। NDRF, SDRF, ITBP और पुलिस की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
Chamoli Tunnel Accident LIVE: सीएम धामी बोले- ज्यादातर श्रमिक झारखंड-छत्तीसगढ़ के थे
चमोली सुरंग हादसे और जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच घटनास्थल पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "यहां काम कर रहे 22 लोगों में से तीन को छोड़कर बाकी सभी को बचा लिया गया है। घायल श्रमिकों का इलाज किया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, राज्य आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन सहित सभी एजेंसियां यहां काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "राज्य मंत्री भरत सिंह चौधरी कल से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं। यहां काफी पानी और मलबा है। मैंने छत्तीसगढ़ और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से बात की थी क्योंकि ये श्रमिक इन्हीं राज्यों के हैं। हमारी पहली प्राथमिकता सुरक्षित बचाव है।"
Chamoli Tunnel Accident LIVE: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे घटनास्थल
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पिपलकोटी में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चल रहे बचाव अभियान का मौके पर निरीक्षण किया। कल रात मायापुर में निर्माणाधीन टीएचडीसी सुरंग में पानी और मलबा घुस गया था। मुख्यमंत्री प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और मौके पर मौजूद अन्य एजेंसियों से बचाव अभियान की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं और आवश्यक निर्देश जारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बचाए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात करेंगे और उनके हालचाल पूछेंगे।
बचाव कार्य में सेना के जवान भी लगाए गये
उत्तराखंड के चमोली मायापुर (पिपरकोटी) में बन रही पीपलकोटी क्षेत्र में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन टनल में पानी और मलबा घुसने के बाद बचाव कार्य में सेना के जवान भी लगा दिए गये हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हालात का जायजा लेने चमोली रवाना
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आपदा प्रभावित टनल साइट पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों का मौके पर जाकर जायजा लेने के लिए देहरादून के GTC हेलीपैड से चमोली के पीपलकोटी के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर एक पोस्ट में घटना पर दुख जताया और सभी एजेंसियों को युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने का निर्देश दिया।
उत्तराखंड के चमोली में हुए सुरंग हादसे में घायलों के नाम जारी
उत्तराखंड के चमोली में हुए सुरंग हादसे में घायलों की पहचान हो गई है। इन घायलों में सुनील दीवान, हाबिल गुड़िया, निस्तार मिंगरा, विनोद राना, दीना बेगरा, खेला राम बिसरा, इंदर सिंह, तिलक राज, चंदन कुमार, अवधेश, नंदलाल, रोहित पांडे (श्रीनगर), पेन सिंह और गोविंद शामिल हैं। इनमें से गोविंद के बारे में अभी पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है।

