Census Portal Glitch: देश में जनगणना के लिए पहले चरण का कार्य जारी है। इस बीच जनगणना 2027 के स्वगणना पोर्टल पर एक बड़ी चूक सामने आई है। जनगणना के पोर्टल पर अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट इलाके को चीन के मेडोग इलाके के तौर पर दिखा दिया गया। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक बड़ा विवाद हो गया जिसके बाद सरकार के अधिकारियों ने सफाई जारी की।

दरअसल, अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट शहर को जनगणना के सेल्फ-एन्यूमरेशन पोर्टल पर चीन के शहर मेडोग के नाम से दिखाया गया तो लोगों में नाराजगी फैल गई। सोशल मीडिया पर इस विवाद को भारत की संप्रभुता तक से जोड़कर सवाल उठाए गए। जनगणना पोर्टल पर इस बड़ी गलती को रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी मोहोंतो पांगिंग पाओ ने पकड़ा था और सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

लोगों ने की सरकार से कार्रवाई की मांग

पूर्व वायुसेना अधिकारी ने जनगणना पोर्टल की गलती को शेयर करते हुए लिखा कि पोर्टल पर पासीघाट की लोकेशन गलत दिख रही थी, जिससे वह अपनी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। उनके पोस्ट के बाद यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया और कई लोगों ने सरकार से तुरंत कार्रवाई की मांग की, जिस पर तुरंत ही डैमेज कंट्रोल करने के प्रयास शुरु किए गए।

पोर्टल पर अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट को मेडोग में दिखाया गया, जो चीन के नियंत्रण वाले क्षेत्र में आता है। यह वही इलाका है जिसे चीन बार-बार अपना बताता रहता है। ऐसे में इस गलती को सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि संवेदनशील मुद्दा माना गया और लोगों ने इसे “वर्चुअल तरीके से जमीन छोड़ने” जैसा बताया।

सरकार ने दिया जवाब

यह मामला जब सामने आया तो तुरंत ही सरकार ने एक्शन लिया। रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त कार्यालय ने बताया कि यह समस्या मैप सेवा देने वाली कंपनी के साथ समन्वय करके उसी दिन ठीक कर दी गई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक तकनीकी मैपिंग एरर थी।

बता दें कि यह विवाद तब सामने आया है, जब भारत पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर बढ़ रहा है। इस बार लोग खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे, लेकिन इस तकनीकी गलती ने यह भी दिखाया कि डिजिटल सिस्टम में छोटी चूक भी बड़ा विवाद खड़ा कर सकती है।

जनगणना 2027 में ‘स्थिर’ लिव-इन जोड़ों को माना जाएगा शादीशुदा

वैसे लिव इन कपल जो अपने रिश्ते को एक ‘स्थिर बंधन’ के रूप में देखते हैं को जनगणना 2027 शादीशुदा जोड़ा माना जाएगा। यह स्पष्टीकरण जनगणना से जुड़े आधिकारिक वेबसाइट के FAQ यानि अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों के सेक्शन में आया है। दरअसल, सेक्शन में एक सवाल किया गया था – क्या लिवइन रिलेशनशिप रह रहे जोड़े को विवाहित माना जाएगा। पढ़िए पूरी खबर…