केरल सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 20 साल पुराने एक मामले में विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) को जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जांच के आदेश राज्य के गृह विभाग ने दिए हैं। इस जांच में अगर उनके खिलाफ आरोपों को सही पाया जाता है तो उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।

ज्ञानेश कुमार पर इस मामले में आरोप हैं कि उन्होंने 2006 में राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव रहते हुए सड़क परियोजना के बिलों को मंजूरी देने के लिए ठेकेदारों से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी।

ठेकेदार की शिकायत के आधार पर होगी जांच

गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के कार्यालय के मुताबिक, यह जांच ठेकेदार साजन की शिकायत पर आधारित होगी। साजन ने आरोप लगाया है कि ज्ञानेश कुमार ने भारत-मलेशिया संयुक्त उपक्रम PATI-BEL के एक सड़क प्रोजेक्ट के बिल पास करने के लिए मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन से 2 करोड़ रुपये की मांग की थी। राज्य सरकार ने FIR दर्ज करने का फैसला लेने से पहले VACB को शुरुआती जांच का आदेश दिया है।

क्या लगे हैं आरोप?

ठेकेदार साजन की शिकायत के मुताबिक, ली सी बीन PATI-BEL के सड़क प्रोजेक्ट में प्रोजेक्ट मैनेजर थे। उन्होंने नवंबर 2005 में मलेशिया में आत्महत्या कर ली थी। बताया जाता है कि ली ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें PWD अधिकारियों पर रिश्वत मांगने और भुगतान रोकने के आरोप लगाए गए थे। हालांकि सुसाइड नोट को कभी सार्वजनिक नहीं किया गया था।

‘सुसाइड नोट में था ज्ञानेश कुमार का नाम’

ठेकेदार साजन ने अपनी शिकायत में बताया कि कि ज्ञानेश कुमार ने बिलों को मंजूरी देने के लिए 2 करोड़ रुपये मांगे थे। साजन के मुताबिक, PATI-BEL रिश्वत देने को तैयार नहीं था, जिसके कारण परियोजना के बिलों का भुगतान नहीं हो पाया। साजन ने यह भी आरोप लगाया कि ली के परिवार ने PATI-BEL के कर्मचारियों को बताया था कि उनके सुसाइड नोट में कुमार का नाम था।

पहले ही जांच के दायरे में हैं ज्ञानेश कुमार

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह मामला पहले से ही VACB की जांच के दायरे में है। पिछले महीने कांग्रेस नेता मलयंकीझू वेणुगोपाल ने गृह मंत्री को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुमार का नाम ली सी बीन के सुसाइड नोट में था। वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया था कि 2006 में हुई विजिलेंस जांच बाहरी दबाव के कारण प्रभावित हुई थी।

गृह मंत्री के कार्यालय के मुताबिक, VACB ने वेणुगोपाल की शिकायत के आधार पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच दोबारा शुरू करने को लेकर कानूनी राय मांगी थी। अब साजन की नई शिकायत के बाद सरकार ने शुरुआती जांच के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: ‘ज्ञानेश कुमार होते तो ट्रंप नहीं हारते’, अमेरिकी चुनाव पर अभिजीत दीपके का तंज; सौरव दास बोले- मजबूत नेता का भ्रम टूट रहा है

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद भारत में भी सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने अमेरिकी चुनाव के नतीजों को लेकर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है। वहीं सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने भी ट्रंप की पार्टी की हार को दुनिया भर में मजबूत नेता और तानाशाही राजनीति के खिलाफ बदलते जनमत से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर…