सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर चल रहे विवाद के बीच सरकार ने बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सेक्रेटरी हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफर कर दिया। जिसके बाद लोखंडे प्रशांत सीताराम सीबीएसई के नए चेयरपर्सन बनाए गए हैं। इन मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि यह मामले पर पर्दा डालने की कोशिश है। वहीं, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी इन ट्रांसफर को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन और सचिव के तबादले के बाद मंगलवार को कहा कि यह मामले पर पर्दा डालने की कोशिश है क्योंकि अधिकारियों को हटा दिया गया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचा लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा मंत्री को बर्ख़ास्त किया जाए और स्वतंत्र न्यायिक जांच हो।
मंत्री को बचा लिया गया- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “सीबीएसई चेयरमैन का तबादला, सीबीएसई सचिव का तबादला, एक-सदस्यीय जांच समिति गठित और असल ज़िम्मेदार, धर्मेंद्र प्रधान सुरक्षित। अधिकारियों को हटा दिया गया और मंत्री को बचा लिया गया। यह जवाबदेही नहीं बल्कि यह यह मामले पर पर्दा डालने की कोशिश है।” राहुल गांधी ने कहा, “हमारी मांग आज भी वही है कि शिक्षा मंत्री को बर्ख़ास्त किया जाए और स्वतंत्र न्यायिक जांच हो। ये मांगें कोई मोदी सरकार की एक महीने पुरानी अंदरूनी फ़ाइल नहीं जो यूं ही भुला दी जाए।” उनका कहना है कि अगर प्रधानमंत्री को 18.5 लाख सीबीएसई छात्रों की परवाह होती, धर्मेंद्र प्रधान कब के हटाए जा चुके होते।

मोदी सरकार ने घावों पर नमक छिड़कने का काम किया- केजरीवाल
वहीं, दूसरी ओर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस मुद्दे पर ट्वीट कर कहा, “CBSE के चेयरमैन और सचिव को ट्रांसफर करके मोदी सरकार ने लाखों बच्चों और उनके पैरेंट्स के घावों पर नमक छिड़कने का काम किया है। मोदी जी ने चुनौती दी है – शिक्षा मंत्री नहीं बदला जाएगा, जो करना है कर लो।”
सरकार ने बोर्ड के चेयरमैन और सेक्रेटरी का ट्रांसफर करने के साथ ही OSM सर्विस की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है। यह एक सदस्यीय कमेटी पूरे मामले की जांच करके रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। कमेटी को कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की चेयरपर्सन एस राधा चौहान हेड करेंगी। वहीं, लोखंडे प्रशांत सीताराम सीबीएसई के नए चेयरपर्सन बनाए गए हैं, राहुल सिंह को कृषि विभाग में जिम्मेदारी मिली है। जानकारी के मुताबिक, सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दखल के बाद यह कार्रवाई की गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
