Gujarat Panchayat Chunav: गुजरात के पंचायत चुनाव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पर एक ही उम्मीदवार ने एक ही सीट के लिए तीन प्रतिद्वंद्वी दलों का प्रतिनिधित्व करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। गुजरात के दाहोद जिला पंचायत के पिपेरो सीट से एक प्रमुख स्थानीय व्यक्ति भरत सिंह वखाला ने भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में अपनी उम्मीदवारी दाखिल की है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिपेरो सीट को परंपरागत तौर पर वरिष्ठ नेता बचूभाई खबाद का गढ़ माना जाता है। अब राजनीतिक रूप से एक पेचीदा मुकाबले में तब्दील हो गई है। वखाला, जिन्होंने पहले आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और बीजेपी को कड़ी चुनौती दी थी, अक्सर अपनी राजनीतिक संबद्धता बदलते रहे हैं।
किस पार्टी के कितने उम्मीदवार
हाल ही में वे कांग्रेस से आम आदमी पार्टी में गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी खेमे के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस सीट के लिए दाखिल किए गए 11 नामांकन पत्रों की जांच से एक उलझन भरी स्थिति सामने आती है। बीजेपी के पांच उम्मीदवार हैं। इनमें वखाला का नाम शामिल है। वहीं कांग्रेस पार्टी के दो उम्मीदवार हैं, इसमें भी वखाला का नाम शामिल है।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक नामांकन दाखिल किया है, जो कि वखाला का ही है। बाकी बचे हुए उम्मीदवारों में दो निर्दलीय और एक बीआरपी पार्टी से हैं। यह एक अनूठी स्थिति है जहां तीनों प्रमुख पार्टियों ने कागजों पर एक ही व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है।
क्या कहता है नियम?
कई पार्टियों से नामांकन दाखिल करने के बावजूद, वखाला की आधिकारिक उम्मीदवारी पार्टी की मंजूरी पर निर्भर करेगी। चुनाव नियमों के अनुसार, किसी उम्मीदवार को तभी मान्यता मिलती है जब पार्टी निर्धारित समय के अंदर जरूरी जनादेश पत्र जमा करती है। स्थानीय चुनाव अधिकारी ने कहा कि नामांकन वापस लेने और जमा करने की आखिरी तारीख पर स्थिति साफ हो जाएगी। अधिकारी ने बताया, “15 तारीख को स्थिति साफ हो जाएगी, जब पता चलेगा कि किस पार्टी का फॉर्म बी जमा किया गया है और किन नामांकनों को वापस लिया गया है या खारिज किया गया है।”
अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ “सुनियोजित कार्रवाई” किये जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री के साथ बैठक का अनुरोध किया। पढ़ें पूरी खबर…
