मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों से जबरन ज्यादा किराया वसूलने के मामलों के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। सहार पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक टैक्सी चालक और एक ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ जबरन वसूली और धमकाने का केस दर्ज किया है।

पहले सामने आया 18,000 रुपये वाला मामला

पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब एक अमेरिकी महिला यात्री ने सोशल मीडिया पर बताया कि एयरपोर्ट से महज 400 मीटर दूर अंधेरी ईस्ट के एक फाइव स्टार होटल तक जाने के लिए उससे 18,000 रुपये वसूले गए। महिला 12 जनवरी को अमेरिका से मुंबई पहुंची थीं। 27 जनवरी को इस मामले में FIR दर्ज हुई और आरोपी ड्राइवर देशराज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर ओवरचार्जिंग, फर्जी बुकिंग और यात्रियों को डराने-धमकाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया।

24 फरवरी को चला विशेष ऑपरेशन

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 24 फरवरी को सहार पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर अस्मिता पेडनेकर को ओला-उबर P4 पार्किंग एरिया में डिकॉय (नकली यात्री) बनाकर तैनात किया गया। उन्होंने कोलाबा जाने के लिए कैब तलाशने का नाटक किया। इसी दौरान एक अर्टिगा चालक ने बिना ऐप बुकिंग के 1700 रुपये मांगे। जब पेडनेकर ने ज्यादा किराया पूछने पर सवाल किया तो ड्राइवर सीधे जवाब देने से बचता रहा और उन्हें गाड़ी में बैठने को कहा।

एयरपोर्ट एग्जिट के पास उसने एक फर्जी बुकिंग का स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें किराया 944 रुपये लिखा था, लेकिन वह 1700 रुपये ही मांगता रहा। जब पेडनेकर ने विरोध किया तो आरोपी कथित तौर पर आक्रामक हो गया और धमकाने लगा। पहले से पीछे चल रही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय वैभव साहेबराव भोसले, निवासी बदलापुर के रूप में हुई। उसे धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

टर्मिनल-2 पर ऑटो चालक की दबंगई

इसी दिन टर्मिनल 2 पर एक और घटना हुई। यात्री अनिकेत जगताप ने बोरीवली जाने के लिए ऑटो लिया। चालक ने मीटर से चलने की बात मानी, लेकिन 200 मीटर चलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में ही ऑटो रोककर 1000 रुपये की मांग कर दी। जब जगताप ने मना किया तो चालक ने धमकी दी कि अगर यहीं उतरना है तो भी 500 रुपये देने होंगे।

विवाद बढ़ता देख वहां गश्त कर रहे सुरक्षा गार्ड हरिश्चंद्र मोरे (50) ने दखल दिया। बावजूद इसके चालक का व्यवहार आक्रामक बना रहा। बाद में मोरे की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया।

अब सख्त निगरानी के आदेश

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सहार और एयरपोर्ट पुलिस को एयरपोर्ट पर चलने वाली ऐप आधारित टैक्सियों और अन्य वाहनों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जो भी चालक ज्यादा किराया वसूलते, धमकाते या बदसलूकी करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सादे कपड़ों में पुलिस टीमें लगातार निगरानी करती रहेंगी। मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार कुंभ 2027: अखाड़ों की गैरहाजिरी से प्रशासन की किरकिरी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 2027 में हरिद्वार में लगने वाले अर्ध कुंभ मेले को कुंभ मेले की तरह मनाने के लिए धरातल पर जी जान से लगे हुए हैं। परंतु हरिद्वार का मेला अधिष्ठान मुख्यमंत्री के इन सभी प्रयासों पर पलीता लगाने में लगा हुआ हैं। बुधवार को मेला प्रशासन ने केंद्रीय मेला नियंत्रण कक्ष में सभी 13 अखाड़ों की बैठक कुंभ मेले को लेकर आयोजित की परंतु मेला प्रशासन की नाकामी के चलते इस बैठक में 13 में से केवल पांच अखाड़े ही शामिल हो पाए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक