कर्नाटक सरकार ने BMTC बसों के किराए में 32 से 33% इजाफा करने का ऐलान किया है। राज्य के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ब्यराथी सुरेश ने कहा कि हमने BMTC, NWKRTC, KKRTC और KSRTC बोर्ड की बसों के टिकट के दाम बढ़ाए हैं।

ब्यराथी सुरेश ने कहा कि NWKRTC, KKRTC और KSRTC बोर्ड की बसों में किराया करीब 23% बढ़ाया गया है। नई दरें बुधवार मध्यरात्रि से लागू होंगी। उन्होंने कहा, ”हमने मुनाफा कमाने के लिए किराया नहीं बढ़ाया है बल्कि नुकसान कम करने और केएसआरटीसी और बीएमटीसी जैसे निगमों को बचाने के लिए ऐसा किया है।”

उन्होंने कहा कि किराए में बदलाव एक समान प्रतिशत के आधार पर नहीं बल्कि अलग-अलग चरणों के हिसाब से तय किया गया है। उन्होंने बताया कि चरणों के आधार पर केएसआरटीसी की बसों के किराये में चार रुपये से लेकर 16 रुपये तक की वृद्धि की गई है, जबकि साधारण बसों के किराये में अधिकतम नौ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

अब कितना होगा किराया?

बीएमटीसी की बसों का न्यूनतम किराया छह रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये और अधिकतम किराया 35 रुपये से बढ़ाकर 45 रुपये कर दिया गया है। वहीं, हवाई अड्डे तक चलने वाली बसों का न्यूनतम किराया 185 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये और अधिकतम किराया 405 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये कर दिया गया है।

सुरेश ने कहा, ”केएसआरटीसी के किराये में औसतन करीब 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है न कि 40 प्रतिशत। वहीं, बीएमटीसी में वित्तीय घाटा काफी अधिक होने के कारण किराये में करीब 33 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।”

उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अतुल कुमार तिवारी की अध्यक्षता वाली समिति ने बस किराये में कुल 45 प्रतिशत वृद्धि की सिफारिश की थी, जबकि परिवहन निगमों के बोर्ड ने कुछ मामलों में किराये में 90 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था। मंत्री ने कहा कि सरकार ने हालांकि सिफारिशों को पूरी तरह से स्वीकार नहीं किया।

परिवहन मंत्री के अनुसार, डीजल की बढ़ती कीमतों और कर्मचारियों के वेतन पर होने वाले खर्च के कारण किराये बढ़ाए गए।

उन्होंने कहा कि मई 2025 के बाद से डीजल की कीमत 10.47 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 98.13 रुपये हो गई है। उन्होंने बताया कि चारों परिवहन निगमों पर फिलहाल डीजल के 1,111.88 करोड़ रुपये के बिल बकाया हैं और वे हर साल ईंधन पर करीब 5,694 करोड़ रुपये खर्च करते हैं।

यह भी पढ़ें: कोलकाता के बस ऑपरेटर बढ़ाएंगे शुभेंदु अधिकारी की टेंशन, टांसपोर्ट डिपार्टमेंट को सुझाया 18 रुपये वाला ‘प्लान’