पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस पलट गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 21 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे बस्सी पठाना क्षेत्र के मोरिंडा-चुन्नी रोड पर स्थित हिम्मतपुरा के पास हुई।

बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु फतेहगढ़ साहिब के मैन माजरी गांव के निवासी थे, जो बैसाखी के मौके पर रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब में माथा टेककर लौट रहे थे। इसी दौरान बस में अचानक खराबी आ गई, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान की जा रही है। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब कि बीते दिनों महाराष्ट्र के ठाणे में भी भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। यहां एक सवारियों से भरी वैन सीमेंट मिक्सर से टकरा गई थी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना गोविली गांव के रायता पुल के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुई थी।

जिले की ग्रामीण पुलिस ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया था कि कल्याण से मुरबाद जा रही एक वैन की, विपरीत दिशा से आ रहे एक सीमेंट मिक्सर से आमने-सामने की टक्कर हो गई। मुरबाद के तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि हादसे में वैन में सवार कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें – आंकड़े बोलते हैं: हर घंटे 17 मौतें, साल में 4 लाख हादसे… कब तक जान गंवाते रहेंगे ‘साहिल धनेशरा’

3 फरवरी की दोपहर साहिल दिल्ली के द्वारका सेक्टर-11 की एक सड़क पर बाइक से जा रहा था। उसके आगे एक बस चल रही थी। उसने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और वो तीन टुकड़ों में बंट गई। साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…