West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के अवैध रूप से बने दफ्तर को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर एक्शन जारी है। इस पांच मंजिला दफ्तर को गिराने के लिए तीन बुलडोजर काम कर रहे हैं। जिला अधिकारियों का आरोप है कि पांच मंजिला इमारत बिना मंजूर बिल्डिंग प्लान के और बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करके बनाई गई थी।

मौके पर बंगाल पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात थे। एहतियात के तौर पर फायर और इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी भी मौजूद थे। पार्टी का यह ऑफिस अमताला में है, जो अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है। इमारत गिराए जाने से पास में जमा बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल था और उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

प्रशासन ने कानून के मुताबिक कार्रवाई की- बीजेपी विधायक

अमताला से बीजेपी विधायक अग्निश्वर नस्कर ने इस कार्रवाई का स्वागत किया और आरोप लगाया कि इमारत बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करके बनाई गई थी। नस्कर ने कहा, “यह ढांचा गैर-कानूनी तरीके से बनाया गया था और प्रशासन ने आखिरकार कानून के मुताबिक कार्रवाई की है।”

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई गैर-कानूनी निर्माण की शिकायतों के बाद की गई। संबंधित लोगों को नोटिस जारी करके कानूनी प्रक्रिया के तहत सुनवाई के लिए बुलाया गया था। दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “प्रशासन ने कानून के प्रावधानों के अनुसार सख्ती से कार्रवाई शुरू की है। कथित गैर-कानूनी निर्माण के बारे में शिकायतें मिलने के बाद नोटिस जारी किए गए थे और मामला अभी विचाराधीन है। आगे की कोई भी कार्रवाई सुनवाई के बाद और संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए ही की जाएगी।”

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे

शनिवार सुबह से ही पार्टी ऑफिस के आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे। परिसर के चारों ओर बैरिकेड लगाए गए थे और पुलिस व सिविल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे। अधिकारी ने कहा, “हमने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं कि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से और कानून के अनुसार हो। इमारत गिराने का काम पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के आधार पर किया जा रहा है।”

जिला प्रशासन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, जिस जमीन पर पार्टी ऑफिस बना है, वह कथित तौर पर ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नाम की कंपनी के नाम पर खरीदी गई थी। नोटिस में जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों और निर्माण से जुड़े रिकॉर्ड के बारे में भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।

यह भी पढ़ें: कौन हैं मदन मित्रा, जिन्हें ममता बनर्जी ने बताया था ‘कलरफुल बॉय’, अब अभिषेक बनर्जी की आलोचना कर छोड़ी TMC

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने एक करीबी वफादार सिपाही मदन मित्रा के बारे में बात करते हुए एक बार कहा था, “एक कलरफुल लड़का, जो कि कभी-कभी कुछ ज्यादा ही रंगीन हो जाता है।” वहीं मदन मित्रा बुधवार को ममता बनर्जी को एक बड़ा राजनीतिक झटका दे गए और उन्होंने नेता विपक्ष ऋतब्रत बनर्जी वाला टीएमसी का बागी गुट जॉइन कर लिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…