बॉलीवुड के एक्टर इमरान खान ने शनिवार को लीव इंडिया नोटिस (LIN) के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट की शरण ली है। यह नोटिस विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से दी गई थी। इस नोटिस के खिलाफ एक्टर ने हाई कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की है।

इमरान खान को FRRO की ओर से 14 अक्टूबर को आव्रजन और विदेश एक्ट (आईएफए) 2025 के कथित उल्लंघन के लिए जारी किया गया था, एक्टर 10 अक्टूबर को अगस्त कांति मैदान के पास मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

नोटिस पर रोक लगाने की मांग

44 साल के एक्टर ने बॉम्बे हाई कोर्ट अपनी रिट याचिका के निपटारे तक नोटिस को रद्द करने और निरस्त करने की साथ इसके संचालन और कार्यान्वयन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

याचिका में कोर्ट में अंतरिम राहत की भी मांग की गई थी ताकि अधिकारियों को निर्वासन लुकआउट सर्कुलर जारी करने, ब्लैकलिस्ट करने या उसकी ओसीआई स्थिति के खिलाफ कार्रवाई करने समेत जबरदस्ती के कदम उठाने से रोका जा सके।

इमरान खान ने याचिका में दावा किया कि नॉन बोनाफाइड एलआईएन मनमानी और सत्ता के घोर दुरुपयोग के साथ जारी किया गया।

MZM लीगल के वकील ज़ुल्फ़िकार मेमन, परवेज़ मेमन और चिराग नाइक सोमवार को चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष इस याचिका का जिक्र कर सकते हैं, ताकि इसकी तत्काल सुनवाई हो सके।

भाजपा नेता ने की शिकायत

10 अक्टूबर के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस की ओर से अभिनेता को हिरासत में लिए जाने के बाद, भाजपा नेता किरीट सोमैया ने शिकायत दर्ज कराई कि अमेरिकी नागरिक और OCI कार्डधारक इमरान खान ने कानून का उल्लंघन किया है। पुलिस द्वारा FIR भेजे जाने के बाद, FRRO ने 14 अक्टूबर को LIN जारी किया।

नोटिस बिना किसी कारण के जारी किया गया

याचिका में आगे कहा गया कि यह नोटिस बिना किसी कारण के जारी किया गया है और इसमें कानून के किसी विशिष्ट प्रावधान के उल्लंघन का जिक्र नहीं है। याचिका के मुताबिक, नोटिस में याचिकाकर्ता को केवल अमेरिकी नागरिक बताया गया है, जबकि नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत उनके OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) दर्जे का कोई जिक्र नहीं किया गया है। यह एक वैधानिक दर्जा है, इसके तहत भारत में जीवन भर रहने का अधिकार मिलता है। इसलिए, इस बुनियादी तथ्य को नजरअंदाज करना यह दिखाता है कि ‘नोटिस जारी करते समय दिमाग का इस्तेमाल नहीं किया गया’।

आगे कहा कि नोटिस एक अंतिम आदेश है, जिसे बिना किसी पूर्व जांच कारण बताओ नोटिस या जवाब देने का मौका दिए बिना जारी किया गया है। देश छोड़ने के लिए दिए गए 14 दिन, सुनवाई का विकल्प नहीं हो सकते।

OCI स्टेटस की किसी भी शर्त का उल्लंघन नहीं

उन्होंने आगे कहा कि लोगों के जमा होने पर लगाई गई पाबंदी स्थानीय पुलिस के एक आदेश के तहत थी न कि ‘इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025’ के तहत। साथ ही वह जगह केंद्र की ओर से इस कानून के तहत अधिसूचित कोई संरक्षित या प्रतिबंधित क्षेत्र भी नहीं थी, ऐसे में OCI स्टेटस की किसी भी शर्त का उल्लंघन नहीं किया गया।

याचिका में दावा किया गया कि इमरान खान ने बैरिकेड वाले इलाके में घुसने की कोशिश भी नहीं की थी। पुलिस के कहने पर वे अपनी कार की ओर वापस लौट रहे थे और पुलिस ने उन्हें तब पकड़ा जब वे मीडिया से घिर गए और उनसे बयान मांगने लगे।

एक्टर इमरान खान ने अपनी याचिका में यह भी कहा कि किसी रैली में हिस्सा लेना या विरोध प्रदर्शन करना, किसी विदेशी (खासकर ओसीआई धारक) के लिए प्रतिबंधित नहीं है। साथ ही “एक ऐसी एफआईआर जो अभी साबित नहीं हुई है और जिस पर जांच चल रही है, उसके आधार पर किसी को देश से बाहर नहीं निकाला जा सकता।”

उन्होंने कहा कि एक ऐसे शख्स को भारत छोड़ने का आदेश देना, जो लंबे समय से रह रहा, पूरी तरह अनुचित और असंगत है। यह आदेश उस गलत हिरासत पर आधारित है, जिससे उन्हें उसी शाम रिहा कर दिया गया था। अगर इस नोटिस को लागू किया जाता है, तो इससे उन्हें ऐसा नुकसान होगा जिसकी भरपाई नहीं की जा सकेगी।

यह भी पढ़ें: ‘90,000 रुपये सैलरी में 5-स्टार होटल में रुकना और बीएमडब्ल्यू कार…’, बॉम्बे हाई कोर्ट ने पूर्व पुलिस अफसर सचिन वाजे की लाइफस्टाइल पर उठाए सवाल

मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी सचिन वाजे की लाइफस्टाइल को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। खासकर सचिन की महंगी कारों का इस्तेमाल और एक फाइव-स्टार होटल में लंबे समय तक रुकने को लेकर कोर्ट ने टिप्पणी की। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) द्वारा सचिन वाजे को दी गई जमानत को चुनौती देने वाली एक याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सवाल किया कि असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (API) रैंक का एक अधिकारी मर्सिडीज और BMW जैसी महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल कैसे कर सकता है। कोर्ट ने मुंबई के ओबेरॉय होटल में उनके कथित 100 दिनों के ठहरने के बारे में भी सवाल उठाए। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें