देश में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के आरोपों के बीच गुरुवार को बॉम्बे हाई कोर्ट की गोवा बेंच ने एक अहम फैसला सुनाया। दरअसल, कोर्ट ने चुनाव आयोग (ECI) को एक परिवार के 6 सदस्यों के नाम 10 दिनों के भीतर मतदाता सूची में वापस लाने का निर्देश दिया है। इन लोगों के नाम एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान पते में बदलाव के लिए उनके Form 8 एप्लीकेशन रिजेक्ट होने के बाद वोटर लिस्ट से हटा दिए गए थे।
नाम कट जाने के बाद परिवार ने हाई कोर्ट का रूख किया था। जस्टिस अमित एस. जमसांडेकर और जस्टिस वाल्मीकि मेनेजेस की डिवीजन बेंच ने सांताक्रूज विधानसभा क्षेत्र के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) को आदेश दिया है कि परिवार के निवास की पुष्टि करने के बाद उनके नाम विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के पार्ट 25 में शामिल किए जाएं।
हाईकोर्ट ने क्या कहा ?
हाई कोर्ट ने सांताक्रूज विधानसभा क्षेत्र के ERO को यह निर्देश दिया है कि वह परिवार के निवास स्थान और उनके पते की पुष्टि करके 10 दिन के भीतर उनके नाम मतदाता सूची के पार्ट 25 में शामिल करें। कोर्ट ने चुनाव आयोग की उस दलील को भी स्वीकार नहीं किया, जिसमें आदेश पर दो सप्ताह की रोक लगाने की मांग की गई थी। ECI के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए समय मांगा था, लेकिन हाईकोर्ट ने ECI की अपील को खारिज कर दिया।
परिवार ने अपनी याचिका में क्या कहा गया?
यह मामला परेश सालगांवकर और उनके परिवार के पांच अन्य सदस्यों से जुड़ा है। इस परिवार की ओर से हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका में कहा गया था कि परिवार आठ साल पहले उत्तरी गोवा के सांताक्रूज विधानसभा क्षेत्र में ही एक नए घर में शिफ्ट हुआ था।
BLO की सलाह पर भरा था Form 8
नए पते के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने उन्हें पता बदलने के लिए Form 8 जमा करने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन भी कर दिया था, लेकिन असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर ने उन्हें बताया कि उनके EPIC यानी मतदाता पहचान पत्र से जुड़े नाम पहले ही मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं। इस वजह से उनके Form 8 आवेदन पर कार्रवाई नहीं की जा सकी।
‘परिवार को चुनाव अधिकारियों ने गुमराह किया’
इसके बाद परिवार को कथित तौर पर बताया गया कि अब उनके पास Form 6 जमा करने का ही विकल्प है, जिसका इस्तेमाल नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए किया जाता है। याचिकाकर्ताओं ने हाई कोर्ट में दलील दी कि चुनाव अधिकारियों का यह रुख कानून के अनुरूप नहीं है।
फॉर्म 6 किसके लिए है?
उनका कहना था कि Form 6 उन लोगों के लिए है, जो पहली बार मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज कराना चाहते हैं। जबकि वे पहले से पंजीकृत मतदाता हैं और केवल उसी विधानसभा क्षेत्र में अपना पता बदलना चाहते हैं तो इसके लिए फॉर्म 8 को भरना ही निर्धारित कानूनी प्रक्रिया है। याचिकाकर्ताओं ने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण उनके मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
SIR में नाम न होना, नाम हटाए जाने के बराबर नहीं- EC
सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग ने दलील दी कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के ड्राफ्ट में किसी मतदाता का नाम नहीं होना, उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना नहीं माना जा सकता। ECI के वकील ने कहा कि SIR के तहत मतदाता सूची नए सिरे से तैयार की जा रही है। इसलिए ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि किसी मौजूदा सूची से नाम हटाया गया है।
आयोग के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची पर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की जाती हैं। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावों और आपत्तियों का निपटारा करके अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाती है।
यह भी पढ़ें: तीन महीने बाद चुनाव आयोग ने बदला फैसला, फिर सौंपी वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को IT विभाग की निगरानी
तीन महीने पहले चुनाव आयोग में कार्य आवंटन को लेकर उठे विवाद के बाद अब आयोग ने अपनेटॉप आईटी एग्जीक्यूटिव की रिपोर्टिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। नए आदेश के तहत डायरेक्टर जनरल (IT) सीमा खन्ना को अब सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर पवन कुमार शर्मा के माध्यम से फाइलें भेजनी होंगी। इससे जुलाई में हटाई गई निगरानी व्यवस्था फिर बहाल हो गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
