पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर के तीन प्राइवेट स्कूलों और मेयर पुष्यमित्र भार्गव के ऑफिस को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल मिले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इन ईमेल को फर्जी धमकी माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि पंजाबी भाषा में भेजे गए ईमेल में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। साथ ही स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई थी कि वे अपने छात्रों को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में न भेजें। धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्तों ने तीनों स्कूलों की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई विस्फोटक नहीं मिला।
इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला है। पुलिस के मुताबिक, ईमेल में दिलजीत के आगामी कॉन्सर्ट के संबंध में बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
ईमेल भेजने वालों की पहचान में जुटी क्राइम ब्रांच
पुलिस की शुरुआती जांच में ईमेल फर्जी लग रहे हैं, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरे ईमेल किसने भेजे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
15 नवंबर को इंदौर में होना है दिलजीत का कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने म्यूजिक टूर पर हैं। दिल्ली में उनका शो हो चुका है, जबकि इंदौर में 15 नवंबर को सी-21 ग्राउंड पर उनका कॉन्सर्ट होने वाला है। हालांकि, पुलिस अधिकारी ने साफ काह है कि कार्यक्रम के आयोजकों ने अभी तक कॉन्सर्ट की अनुमति के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया है।
अमिताभ बच्चन के बंगले को भी धमकी देने का दावा
इस मामले से जुड़ी कुछ अन्य रिपोर्टों में दावा किया गया है कि धमकी भरे ईमेल में मुंबई में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में कथित तौर पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाके करने की धमकी दी गई थी।
रिपोर्टों के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तानी नेशनल आर्मी नाम का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस अतिरिक्त धमकी और ईमेल में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी दिलजीत पर आत्मघाती हमले की धमकी वाला ईमेल मिलने की खबर सामने आई थी।
दिलजीत को लेकर धमकियों के पीछे उनके अमिताभ बच्चन के पैर छूने से जुड़ा विवाद भी बताया जा रहा है। अमेरिका स्थित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कथित तौर पर इस मुद्दे पर दिलजीत को धमकी दी थी। संगठन का आरोप है कि एक्टर के पैर छूकर दिलजीत ने 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई।
फिलहाल, इंदौर पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन ईमेल भेजने वालों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बॉम्बे HC की सख्ती के बाद झुके इमरान खान, प्रदर्शन में शामिल होने पर मांगी माफी
अभिनेता इमरान खान ने सोमवार, 2 नवंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई में हुए प्रदर्शन में शामिल होने पर बिना शर्त माफी मांग ली है। बॉम्बे हाई कोर्ट की फटकार के बाद अभिनेता ने यह कदम उठाया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
