शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट, IGI एयरपोर्ट सहित राजधानी में कुल छह जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि दिल्ली पुलिस को अभी तक जांच में कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
न्यूज एजेंसी ANI ने दिल्ली फायर सर्विस के हवाले से बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट के अलावा पांच और जगहों – जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, MB साकेत ऑफिस / DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 और दिल्ली कैंट के SDM ऑफिस – पर बम की धमकी वाली कॉल मिलीं। इन सभी जगहों पर फायर टेंडर भेजे गए हैं। हालांकि, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
ई-मेल से मिली धमकी
दिल्ली हाईकोर्ट में बम रखे जाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली। इसके बाद हाईकोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने कोर्ट सूत्रों के हवाले से बताया कि हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल जरूरी मदद के लिए दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं। सूत्रों ने बताया कि ईमेल में “दोपहर 2:11 बजे दिल्ली हाई कोर्ट में धमाका” करने की बात कही गई थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि राजधानी में कई सरकारी जगहों पर बम की धमकी वाले ईमेल मिले। इसके बाद कई एजेंसियों ने हाई अलर्ट के बीच तलाशी और सुरक्षा जांच शुरू कर दी। राजधानी में स्वतंत्रता दिवस की वजह से दिल्ली पुलिस पहले ही अलर्ट मोड पर है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि डॉग स्क्वाड, बम डिस्पोजल स्क्वाड, फायर डिपार्टमेंट और कई अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: देशभर में बम धमकियों का सिलसिला, सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती
देश भर में शिक्षा संस्थानों, अस्पतालों, सरकारी भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को बम से निशाना बनाने की झूठी धमकियों का बढ़ता सिलसिला सुरक्षा की लिहाज से चुनौती बन गया है। संपादकीय लेख पढ़ने के लिए क्लिक करें।
