महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने ब्लिंकिट (Blinkit) के मलाड वेस्ट स्थित डार्क स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। जांच के दौरान स्टोर में बड़ी संख्या में कॉकरोच, एक्सपायर खाने-पीने का सामान और साफ-सफाई में कई गंभीर लापरवाहियां मिलीं।
हालांकि यह कार्रवाई सिर्फ मलाड वेस्ट के इसी डार्क स्टोर पर हुई है। इसका असर ब्लिंकिट की देशभर की सर्विसेज पर नहीं पड़ेगा।
एफडीए ने 7 अगस्त को मुंबई के रामचंद्र लेन, मलाड वेस्ट स्थित इस स्टोर का निरीक्षण किया था। अधिकारियों के मुताबिक, स्टोर की हालत बेहद खराब थी। जांच के दौरान सब्जियों और फलों पर कॉकरोच घूमते हुए मिले जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
इसके बाद एफडीए ने तुरंत प्रभाव से इस स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। अब अगले आदेश तक इस स्टोर से खाने-पीने का सामान बेचने या वितरित करने पर रोक रहेगी। इसके अलावा किसी भी तरह का खाद्य कारोबार भी नहीं किया जा सकेगा।
दूसरी जगह भी कार्रवाई
वहीं एक दूसरे मामले में 8 अगस्त को एफडीए ने ग्राहक की शिकायत पर बुलढाणा के एआरडी सिनेमॉल स्थित रिलायंस रिटेल स्टोर की भी जांच की। शिकायत थी कि लक्ष्मी नारायण ब्रांड की काजू कतली में फफूंदी और जिंदा कीड़े मिले हैं।
जांच के दौरान शिकायत में बताए गए बैच का पैकेट नहीं मिला लेकिन अधिकारियों ने उसी ब्रांड के 11.34 किलो काजू कतली (कीमत 10,238 रुपये) जब्त कर उसके नमूने लैब जांच के लिए भेज दिए। अब आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
इसके अलावा, दूध और डेयरी उत्पादों में मिलावट के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में एफडीए ने करीब 14,378 किलो/लीटर डेयरी उत्पाद जब्त किए हैं जिनकी कीमत 93.26 लाख रुपये बताई गई है।
250 किलो मीट, 207 किलो सब्जी और 32 लीटर एक्सपायर दूध, बेंगलुरु में फाइव-स्टार होटलों में छापेमारी
कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) विभाग की टीम ने शुक्रवार को बेंगलुरु के 6 बड़े-बड़े फाइव स्टार होटलों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम को इन होटलों में फूड सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाया गया। टीम को यहां एक्सपायरी डेट के बाद भी खाने की चीजें रखी मिली।
इस कारण विभाग ने 250 किलो से अधिक मीट, 207 किलो सब्जियाँ, 32 लीटर दूध और तीन किलो बेकरी प्रोडक्ट्स को नष्ट किया। फूड सेफ्टी विभाग की यह कार्रवाई बेंगलुरु में स्कूलों और कॉलेजों के आस-पास जंक फूड की बिक्री पर की गई कार्रवाई के ठीक बाद हुई है।
