ब्लिंकिट एम्बुलेंस अब पूरी तरह मुफ्त नहीं है, जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा है कि इमरजेंसी न होने पर ‘ब्लिंकिट एम्बुलेंस’ हर यात्रा पर 2,500 रुपये शुल्क लेगी। चलिए बताते हैं कि गोयल ने आगे क्या जानकारी दी है।
गोयल ने आगे बताया कि इमरजेंसी स्थिति की तुलना में नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए एम्बुलेंस सेवा की बुकिंग का हिस्सा बढ़ रहा है। जोमैटो एवं ब्लिंकिट का संचालन करने वाली कंपनी इटर्नल के वाइस चेयरमैन गोयल ने स्पष्ट किया कि गंभीर हालत के मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की सेवा पहले की तरह मुफ्त रहेगी, जबकि आपात स्थिति न होने पर यात्रा पूरी होने के बाद 2,500 रुपये शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क मोटे तौर पर निजी एम्बुलेंस के शुल्क के अनुरूप है।
सोशल मीडिया एक्स पर शेयर की जानकारी
गोयल ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, ”पिछले दो वर्षों में हमने करीब 20,000 आपात स्थितियों में (कुल मिलाकर करीब 42,000 मामलों में) सेवा दी है। हमने इनमें से किसी के लिए भी एक रुपया शुल्क नहीं लिया है और हम इसे इसी तरह जारी रखना चाहते हैं
हालांकि, सब कुछ मुफ्त होने के कारण नियमित जांच, अस्पताल जाने और अस्पताल से घर पहुंचाने के लिए बुकिंग का हिस्सा बढ़ रहा है। इन यात्राओं के लिए उबर या निजी परिवहन का भी उतनी ही आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता था।”
उन्होंने यह भी कहा, ”इस तरह की बुकिंग के कारण सभी सुविधा से लैस एम्बुलेंस और ‘पैरामेडिक्स’ (पराचिकित्सक कर्मी) उपलब्ध नहीं हो पाते, जबकि किसी की जान बचाने के लिए उनकी जरूरत पड़ सकती है।”
डबलिन से रोम जा रहे विमान को बम से उड़ाने की धमकी, यूरोप जाने वाली कई फ्लाइट डायवर्ट
गोयल ने आगे कहा कि आपात स्थिति न होने पर मरीजों को पहुंचाने के लिए लिया जाने वाला शुल्क ‘इटर्नल फाउंडेशन’ को जाएगा। यही संस्था इन एम्बुलेंस का संचालन करती है और इससे कंपनी को सेवा का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
