श्याम शर्मा दक्षिणी दिल्ली और सत्या शर्मा पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नए मेयर चुने गए। मेयर के साथ उपमेयर के पदों में भी दक्षिणी दिल्ली में भाजपा की शशि प्रभा और पूर्वी दिल्ली में भाजपा के राज कुमार ढिल्लो चुने गए। पूर्वी निगम में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत होने के कारण यहां पार्टी के उम्मीदवारों की जीत तय थी। लेकिन दक्षिणी दिल्ली में स्पष्ट बहुमत नहीं होने और आप के कुछ विधायकों के पाला बदलने के कारण भाजपा की जीत तय नहीं थी। लेकिन पार्टी ने दोनों सीटों पर कब्जा बरकरार रखा। स्थाई समिति के सदस्य बिना किसी विरोध के चुन लिए गए।
दक्षिणी दिल्ली में भाजपा के श्याम शर्मा ने कुल 99 वैध मतों में से 62 मत हासिल कर कांग्रेस पार्टी के मेयर के उम्मीदवार प्रवीण राणा को 25 मतों से पराजित किया। राणा कोे कुल 37 मत मिले। पदभार संभालने के बाद नए मेयर श्याम शर्मा ने कहा कि वे पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों के सहयोग से और साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के मामले में किसी भी सदस्य के साथ कोई भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। शर्मा जनकपुरी उत्तरी वार्ड से 2012 में दूसरी बार पार्षद चुने गए हैं। इसी तरह उपमेयर पद पर भाजपा की शशि प्रभा ने कांग्रेस के सतीश गुप्ता को 38 मतों से पराजित किया। कुल 99 वैध मतों में से शशि प्रभा को 60 और सतीश गुप्ता को 39 मत प्राप्त हुए। प्रभा 2012 के चुनाव में हस्तसाल वार्ड से चुनी गई थीं। इन दोनों पदों के साथ ही सदन से स्थायी समिति के सदस्य के लिए भाजपा के सुभाष आर्य व शैलेंद्र सिंह मोंटी और कांग्रेस के फरहाद सूरी निर्विरोध निर्वाचित किए गए।
पूर्वी दिल्ली में भी बुधवार को मेयर और उपमेयर का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें भाजपा की सत्या शर्मा ने 23 मतों से कांगेस के पार्षद ताज मोहम्मद को पराजित किया। शर्मा को कुल 41 मत प्राप्त हुए जबकि ताज मोहम्मद को 18 मत मिले। महापौर के इस चुनाव में कुल 60 मत डाले गए जिसमें एक मत अवैध घोषित किया गया। महापौर चुनाव की इस बैठक में सदन के 5 सदस्य अनुपस्थित रहे। शर्मा शाहदरा (उत्तरी) के न्यू उस्मानपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या-251 से भाजपा की पार्षद हैं।
मेयर चुने जाने के बाद सत्या शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के अतिरिक्त स्वच्छ भारत मिशन उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 50 स्कूलों में वाई-फाई सुविधा शुरू करने की घोषणा की, जो निगम विद्यालयों में शुरू किए गए कंप्यूटर एडेड लर्निंग कार्यक्रम की सफलता के लिए जरूरी है। मेयर के साथ ही राज कुमार ढिल्लो पूर्वी दिल्ली के नए उपमेयर चुने गए। ढिल्लो कल्याणपुरी के वार्ड-संख्या-213 से पार्षद हैं।
ढिल्लो ने कांग्रेस पार्टी की राजकुमारी को पराजित किया। राजकुमार ढिल्लो शाहदरा (दक्षिणी) वार्ड समिति, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति के अध्यक्ष और खेलकूद प्रोत्साहन व संबद्ध मामले और पार्षदों के लिए आचार संहिता समिति के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि मेयर के सहयोग से सभी क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य किए जाएंगे। इन दोनों पदों के अलावा आजाद नगर से भाजपा पार्षद जितेंद्र चौधरी, मौजूपुर के पार्षद संजय जैन, सुभाष मोहल्ला से कांगेस की पार्षद सविता शर्मा को स्थायी समिति के सदस्य के रूप में निर्विरोध चुना गया।