पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने सोमवार को पटियाला में पहली जोनल मीटिंग अटैंड की। उन्होंने इस मीटिंग में एक बड़ा ऐलान किया। दरअसल, बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
बीएल संतोष का यह बयान ऐसे समय आया है जब इस बात की अटकलें सबसे ज्यादा लगाई जा रही हैं कि पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन हो सकता है। बीएल संतोष को पंजाब दौरे पर भी इसीलिए भेजा गया है कि वह पार्टी में फैसले असंतोष को खत्म कर सकें और नेताओं से संगठन और अकाली दल गठबंधन पर राय ले सकें।
क्या कहा बीएल संतोष ने?
बीएल संतोष ने अपने इस दौरे की शुरुआत पटियाला से की जहां उन्होंने पहली जोनल मीटिंग को संबोधित किया। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मीटिंग में बीएल संतोष ने कहा, “पंजाब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और BJP इस बदलाव को हकीकत बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। आने वाले विधानसभा चुनावों में BJP पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करके राज्य में अपनी सरकार बनाएगी।”
बीजेपी-अकाली गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम!
बता दें कि पंजाब की राजनीति पर इन दिनों बीजेपी का खास ध्यान है। पीएम मोदी ने इसी साल बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद दिल्ली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये ऐलान किया था कि अब बारी पंजाब की है। तभी से बीजेपी ने पंजाब की राजनीति पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। सोमवार को बीएल संतोष के इस ऐलान के बाद बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन की अटकलों पर विराम लगता हुआ दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों से इस गठबंधन की चर्चा बहुत अधिक है।
बीएल संतोष के पंजाब में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान से पहले पंजाब BJP प्रेसिडेंट केवल सिंह ढिल्लों ने भी गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि पार्टी राज्य की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
और कहां-कहां होंगी जोनल मीटिंग?
बीएल संतोष अपने इस दो दिवसीय दौरे पर पूरे पंजाब में BJP नेताओं और संगठन के अधिकारियों के साथ सगंठनात्मक गतिविधियों का रिव्यू करेंगे और पार्टी की तैयारियां का जायजा लेंगे। इसी की शुरुआत उन्होंने पटियाला से की जहां जोनल मीटिंग आयोजित की गई। पटियाला के अलावा बीएल संतोष बठिंडा, लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में जोनल मीटिंग करेंगे। 25 अगस्त को लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में ऑर्गेनाइजेशनल मीटिंग होंगी।
यह भी पढ़ें: चार महीने बाद भी भाजपा में राघव चड्ढा की भूमिका पर सस्पेंस बरकरार, क्या पंजाब चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी देगी पार्टी?
राघव चड्ढा के बीजेपी में आने और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद ‘मिशन पंजाब‘ का जो ऐलान बीजेपी ने किया था उसको देखते हुए यही माना जा रहा था कि राघव चड्ढा को पंजाब में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। राघव चड्ढा को बीजेपी में आए 4 महीने हो चुके हैं, लेकिन अभी तक पार्टी में उनकी भूमिका तय नहीं हो पाई है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
