West Bengal Nandigram Rejinagar bypoll Results: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में उसने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। इस जीत से पश्चिम बंगाल की राजनीति में उसका दबदबा साबित हुआ है।

मई में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा और विपक्ष दोनों की यह पहली चुनावी परीक्षा थी।

बीजेपी ने नंदीग्राम में रिकॉर्ड 1.22 लाख वोटों से जीत हासिल की है। बीजेपी ने वोटों की गिनती शुरू होने के बाद से अपनी बढ़त बनाए रखी। नंदीग्राम की सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई थी।

चंद्रनाथ रथ की मां को बनाया था उम्मीदवार

नंदीग्राम से बीजेपी ने मुख्यमंत्री के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया था। चंद्रनाथ रथ की भाजपा के सत्ता में आने के कुछ दिन बाद ही हत्या कर दी गई थी। नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे लेकिन वोटों के मामले में काफी पीछे रहे।

रेजीनगर में बीजेपी उम्मीदवार शंखरव सरकार ने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के उम्मीदवार को 75,691 वोटों से हराया। एजेयूपी के उम्मीदवार हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद थे। हुमायूं कबीर ने चुनाव जीतने के बाद रेजीनगर सीट खाली कर दी थी और इस वजह से उपचुनाव कराना पड़ा।

अल्पसंख्यकों ने विकास का साथ दिया- सरकार

शंखरव सरकार ने पत्रकारों से कहा, “अल्पसंख्यकों ने दिखाया है कि वे समझदार हैं। उन्होंने विकास का साथ दिया है और शुभेंदु अधिकारी की अपील का जवाब दिया है। उन्होंने साबित कर दिया है कि वे राज्य सरकार के साथ हैं। यह उन लोगों के लिए करारा तमाचा है जो सांप्रदायिक राजनीति करते हैं। हम उन्हें समझाने में कामयाब रहे। उन्हें पुल, अस्पताल और इंडस्ट्रियल पार्क चाहिए।”

उपचुनाव के नतीजों को बीजेपी के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इसकी वजह यह है कि अल्पसंख्यक मतदाताओं के एक बड़े तबके ने भी उसका समर्थन किया है।

टीएमसी को मिले थे अल्पसंख्यक वोट

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक वोट मुख्य रूप से ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी के खाते में गए थे लेकिन चुनाव नतीजों के बाद टीएमसी में टूट हुई थी। इन दोनों सीटों के उपचुनाव में टीएमसी की भूमिका सीमित रही है।

नंदीग्राम में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी के उम्मीदवार मुकाबले से हट गए थे। इसके बाद पार्टी ने कांग्रेस का समर्थन किया जबकि रेजीनगर में भी उसके उम्मीदवार ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की थी लेकिन बाद में वह मान गए।

चुनाव नतीजों को लेकर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि हम दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे। रेजीनगर में यह अनूठी उपलब्धि है। इससे पता चलता है कि जो लोग पहले कभी हमें वोट नहीं देते थे, उन्होंने अब बीजेपी को वोट देने का फैसला किया है।”

धांधली की वजह से जीती बीजेपी- विपक्ष

विपक्ष ने आरोप लगाया कि डराने-धमकाने और धांधली की वजह से बीजेपी को जीत मिली है। मिलन प्रधान को 18 सितंबर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले ममता बनर्जी ने उनका समर्थन किया था। चुनाव प्रचार समाप्त होने से कुछ दिन पहले ही उन्हें रिहा किया गया।

रेजीनगर में हुमायूं कबीर ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। हुमायूं कबीर के खिलाफ नए मामले दर्ज किए गए और पुराने मामलों को फिर से खोला गया। पुलिस ने कबीर से पूछताछ भी की। कबीर का दावा था कि उनकी पार्टी के 24 नेताओं को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 12 को जमानत मिल गई। जमानत पाने वालों में वह खुद भी थे। इसके बाद उन्होंने चुनाव प्रचार नहीं करने का फैसला किया। वोटिंग के दिन, चुनाव नियमों के उल्लंघन और पुलिस के साथ बहस के आरोप में कबीर को हिरासत में ले लिया गया।

लोकतंत्र की हत्या हुई- मिलन प्रधान

कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने पत्रकारों से कहा, “वोट लूटे गए और लोकतंत्र की हत्या हुई। इसलिए, ऐसे नतीजे स्वाभाविक हैं। जिन बूथों पर लोग वोट डाल पाए, वहां कांग्रेस आगे रही। जिन बूथों पर वोट लूटे गए, वहां बीजेपी आगे रही। हमने पहले ही दोनों सीटों पर दोबारा वोटिंग की मांग की थी।”

रेजीनगर से कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल्लाहिल काफी ने कहा, “चुनाव के दौरान क्या हुआ, यह साफ है। उन्होंने असली वोटरों को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस का इस्तेमाल किया जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं और उपद्रवियों ने बूथों पर धांधली की।”

रेजीनगर में है 70% मुस्लिम आबादी

रेजीनगर में 70% मुस्लिम आबादी है। यह इलाका विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर की जीत से पहले कांग्रेस का गढ़ था। पिछले साल, हुमायूं कबीर ने इस इलाके में बाबरी मस्जिद की नकल (रेप्लिका) बनवाना शुरू करके विवाद खड़ा कर दिया था।

दुबई चला जाऊंगा- हुमायूं कबीर

शुक्रवार को हुमायूं कबीर ने मस्जिद बनाने की मांग फिर से उठाई और कहा कि वह देश छोड़ देंगे। कबीर ने कहा, “पहले मैं बाबरी मस्जिद का काम पूरा करूंगा और फिर दुबई चला जाऊंगा। मैं वहीं रहूंगा। मैं अब यहां नहीं रह सकता, राजनीति करना तो दूर की बात है। महीनों से पुलिस मुझ पर जुल्म कर रही है, वोटिंग के दिन उन्होंने मुझे 12 घंटे तक हिरासत में रखा। इससे पहले, मुझ पर एक के बाद एक कई केस दर्ज किए गए। फिर कुछ लोगों ने मेरे साथ धोखा भी किया। इसीलिए मैं जाना चाहता हूं। मैं थक चुका हूं।”

रेजीनगर में बीजेपी ने वोटरों को यह संदेश दिया कि वह कम से कम अगले दो दशकों तक राज्य में बनी रहेगी और अल्पसंख्यक समुदाय को उसके साथ तालमेल बिठाकर और मिल-जुलकर रहना सीखना होगा।

पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने रेजीनगर में वोटरों से कहा था, “हम अगले 20 सालों तक केंद्र और राज्य, दोनों जगह रहेंगे। आपको हमारे साथ ही रहना होगा। यह चुनाव आपको सरकार के साथ रहने का मौका देता है। फैसला आपको करना है।”

शुभेंदु अधिकारी भी रेजीनगर में पहुंचे लोगों के बीच

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी रेजीनगर में वोटरों से संपर्क किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं का वादा किया। अधिकारी ने शक्तिपुर में एक जनसभा में कहा था, “क्या आप यहां एक पुल चाहते हैं? क्या आप यहां एक कॉलेज चाहते हैं? तो फिर शंखरव सरकार को विधानसभा भेजें। यह आपके पास मौका है… वोटिंग के दिन, बड़ी संख्या में जाकर बीजेपी को वोट दें।”

पुल और कॉलेज के अलावा, मुख्यमंत्री ने 200 बिस्तरों वाले अस्पताल, एक इंडस्ट्रियल पार्क के विकास, पांच अमूल दूध कलेक्शन सेंटर और नौकरियों का वादा करके 40,000 प्रवासी मजदूरों को रेजीनगर वापस लाने का भी वादा किया। नंदीग्राम में भी मुख्यमंत्री अधिकारी ने मुसलमानों से ‘सरकार का दोस्त’ बनने की अपील की थी।

यह भी पढ़ें- ‘देश पर इमरजेंसी थोपी गई’

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली में मेट्रो, रेलवे स्टेशन, सीपी के ऑफिस और रेस्टोरेंट आदि बंद कर दिए गए हैं। इस पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर आने की कोशिश कर रहे सीजेपी के समर्थकों को भाजपा शासित राज्यों में हिरासत में लिया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।