तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन के घटक दलों के सीटों का बंटवारा हो गया है। सोमवार को भाजपा नेता पीयूष गोयल और अन्नाद्रमुक प्रमुख ई पलानीस्वामी ने सीट शेयरिंग की घोषणा की। चेन्नई स्थित अन्नाद्रमुक मुख्यालय में सभी घटक दलों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस चुनावी समझौते के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक 178, बीजेपी 27 सीटों, पीएमके को 18 सीटों और एएमएमके को 11 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगी।
इस दौरान पीएमके के अध्यक्ष अंबुमणि रामदॉस ने कहा कि तमिलनाडु में लॉ एंड ऑर्डर की बड़ी समस्या है। हर दिन महिलाओं का शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि हम 234 में से 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में आएंगे।”
अंबुमणि रामदॉस ने कहा कि अगर डीएमके ने तमिलनाडु ने पिछले सालों में इतना काम कर दिया है तो उन्हें गठबंधन में इतनी सारी पार्टियों को शामिल करने की क्या जरूरत है।
‘DMK ने भ्रष्टाचार, उगाही और कमीशनखोरी के अलावा कुछ नहीं किया’
उन्होंने भ्रष्टाचार, उगाही और कमीशनखोरी के अलावा कुछ नहीं किया। पीएमके चीफ ने यह भी दावा किया कि डीएमके डरी हुई है। लोग उन्हें पांच साल के लिए मौका दे चुके हैं और अब उन्हें उठाकर फेंकने की तैयारी कर रहे हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में कितनी सीटें जीती थी बीजेपी?
बीजेपी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में 20 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। इस चुनाव में उसे 4 सीटों पर सफलता मिली थी। खास बात यह है कि बीजेपी की किसी भी सीट पर जमानत जब्त नहीं हुई थी। इस चुनाव में सीपीआई और सीपीआई (एम) को छह में से दो, कांग्रेस को 25 में से 18 सीटों पर सफलता मिली थी।
अगर राष्ट्रीय पार्टियों की बात करें तो टीएमसी ने दो सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे लेकिन उसकी दोनों सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी। बीएसपी ने 162 सीटों पर चुनाव लड़ा लेकिन उसकी भी हर जगह जमानत जब्त हुई। तमिलनाडु आधारित दलों में डीएमके ने 188 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 133 सीटें मिलीं जबकि अन्नाद्रमुक ने 191 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 66 सीटें मिलीं।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में DMK गठबंधन को सत्ता से बाहर कर पाएगा NDA? क्या कहते हैं आंकड़े
एआईएडीएमके का अपना मजबूत कैडर और बीजेपी का बढ़ता ग्राफ मिलकर डीएमके के ‘अजेय’ होने के नैरेटिव को चुनौती दे रहे हैं। EPS (पलानीस्वामी) ने दावा किया है कि यह गठबंधन 210 सीटें जीत सकता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
