भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के मॉक पार्लियामेंट को मजाक बताया है। उन्होंने कहा कि असली पार्लियामेंट यानी संसद में वे बस हंगामा करते हैं और उसे चलने नहीं देते।

इंडिया गठबंधन ने आज शाम राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर मॉक पार्लियामेंट आयोजित किया। इसमें विपक्षी सांसदों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग चलाया।

यह एक मजाक है- भाजपा

इस कार्यक्रम पर बात करते हुए भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “यह एक मजाक है। मैं इसलिए मजाक कह रहा हूं क्योंकि कांग्रेस ने इसे खुद मॉक पार्लियामेंट बताया है, मॉक का हिंदी मजाकिया लहजे से या मजाकिया अंदाज से किसी विषय को रखना होता है। असली पार्लियामेंट में सोना, असली पार्लियामेंट में आंख मारना, असली पार्लियामेंट से नदारद रहना, असली पार्लियामेंट के वेल में आकर हंगामा करना और असली पार्लियामेंट को काम न करने देना यह कांग्रेस और तथा कथित इंडी गठबंधन का मूल काम रहा है।”

आगे कहा, “लेकिन आज वोट चोरी को लेकर इनका तथाकथित आरोप है, जिस प्रकार से वोट चोरी को लेकर खड़गे (मल्लिकार्जुन खड़गे)बता रहे थे। मैं तो खड़गे जी को कहना चाहूंगा कि हां वोट चोरी में सच्चाई तो है, वोट चोरी हुई थी। उसकी तस्वीर मेरे पीछे देख सकते हैं, तस्वीर में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की एनिमेटेड तस्वीर थी, जिसमें उन्हें मतपेटी से मत निकाले दिखाया गया।”

‘पहली वोट चोरी जवाहर लाल नेहरू ने की’

उन्होंने कहा, “पहली वोट चोरी गांधी परिवार के पहले सदस्य पंडित जवाहर लाल नेहरू ने की, कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की वोट चोरी की। कांग्रेस नेताओं ने सरदार भाई वल्लभ पटेल को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट डाला था, उस वोट को नेहरू जी ने चोरी कर देश के प्रधानमंत्री बने।”

देश में वोट चोरी की जा रही है- मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि हमारी सीईसी के खिलाफ को कोई निजी दुश्मनी नहीं है, बल्कि उनसे मांग है कि वे निष्पक्ष तरीके से काम करें। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सत्ता बरकरार रखने के लिए मोदी सरकार ने यह साजिश रची है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आगे कहा, ‘विपक्ष के लोग देश के लोगों के मताधिकार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रहा है। देश में वोट चोरी की जा रही है।’

यह भी पढ़ें: ‘मोदी और शाह के निर्देश पर चुनाव आयोग चला रहे ज्ञानेश कुमार, तत्काल हटाया जाए…’, ‘जन महाभियोग’ में बोले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर चुनाव आयोग चला रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें