बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 30 जुलाई को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन वह स्वीकार नहीं हुआ। शहजाद पूनावाला के अनुसार पार्टी ने उनसे अपने इस्तीफे पर फिर से विचार करने के लिए कहा था। हालांकि अब एक बार फिर से उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दिया है और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
शहजाद पूनावाला ने अपने पत्र में कहा, “कृपया मेरा दिनांक 30 जुलाई 2026 का पत्र, जिसमें मैंने आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण भाजपा के सभी पदों तथा प्राथमिक सदस्यता से बिना किसी शर्त के त्यागपत्र देने की पेशकश की थी। यह मेरे लिए अत्यंत भावुक करने वाला था कि पार्टी ने मेरे त्यागपत्र को तुरंत स्वीकार करने से इंकार कर दिया और मुझसे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। लेकिन विचार-विमर्श और गंभीर मनन के बाद मैंने अंतिम निर्णय लिया है कि मैं राष्ट्रीय प्रवक्ता के अपने पद और भाजपा की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होने का निर्णय लेना चाहता हूं।”
पूनावाला ने क्यों दिया इस्तीफा?
शहजाद पूनावाला ने आगे कहा, “पिछले कुछ दिनों की घटनाओं, जिन व्यक्तियों के बारे में मैंने आपको विस्तार से बताया है, उन्होंने मुझे अपने पूर्व निर्णय पर दृढ़ रहने के लिए बाध्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष जैसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति बिना किसी आहत भाव के, केवल कृतज्ञता, प्रेम, स्नेह और उच्चतम सम्मान के साथ, मैं अपनी ओर से, पार्टी द्वारा पिछले पांच वर्षों में मुझे दिए गए मंच और अवसरों के लिए एक बार फिर धन्यवाद देता हूं।”
पार्टी का समर्थन करते रहेंगे पूनावाला
शहजाद पूनावाला ने कहा कि जैसा कि मैंने पहले कहा था आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण, मैं निजी क्षेत्र में प्रवेश करूंगा, लेकिन जहां भी संभव होगा और चाहे जिस भी स्वरूप में संभव हो, मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा के दृष्टिकोण और कार्यों का समर्थन करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, परंतु विचार और व्यक्ति नहीं।
यह भी पढें: ‘वंदे मातरम’ विवाद गहराया: सोनिया, राहुल गांधी और खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज, राष्ट्रीय गीत के अपमान का आरोप
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान को लेकर ओडिशा में सियासी विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की ओडिशा इकाई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पढ़िए पूरी खबर…
