भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां पर मंगलवार को पुणे में किसी ने कार से हमला करने की कोशिश की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। डाक्टरों के मुताबिक अब उनका ऑपरेशन किया जाएगा। घटना के समय एक पेट्रोल पंप पर उनकी गाड़ी में गैस भरी जा रही थी। शहजाद की मां गाड़ी के बगल में खड़ी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनको अपनी कार से टक्कर मारकर घायल करने की कोशिश की।

भाजपा नेता ने एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “कुछ घंटे पहले एक बेहद घृणित इंसान ने जानबूझकर मेरी मां पर अपनी कार चलाई – जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और वह फिर भाग गया। उनकी बहुत जल्द सर्जरी होगी। कृपया उनके लिए प्रार्थना करें।”

उन्होंने कहा, “मेरी मां सबसे दयालु और अच्छी इंसान हैं और इस उम्र में उनके साथ ऐसा होना देखकर मेरा खून खौल उठता है और उनके साथ होना मुझे अंदर तक कचोट जाता है। उम्मीद है पुणे पुलिस उस व्यक्ति को गिरफ्तार करेगी और उचित सजा देगी।” शहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला ने सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज साझा किया है। इसमें उनकी मां के साथ हुई घटना साफ दिख रही है।

तहसीन ने बताया कि इसको लेकर उन्होंने संयुक्त पुलिस आयुक्त और उप पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की है। उन्होंने पुष्टि की है कि उनकी मां को हिप सर्जरी की जरूरत होगी और उन्हें जिंदगी भर रॉड लगवानी पड़ेगी।

इस घटना को “गुस्सा दिलाने वाली और दिल दहला देने वाली” बताते हुए उन्होंने कहा कि यह साफ नहीं है कि यह जानबूझकर किया गया था या ड्राइवर ने एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मारने के बाद भागने का फैसला किया।