पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नरेंद्र मोदी अब लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। बुधवार को निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी का कार्यकाल 4,399 दिनों का हो गया जबकि जवाहर लाल नेहरू का कार्यकाल 4398 दिनों का था। बीजेपी ने इस खास मौके को मानने के लिए पूरे देश में बहुत सारे कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।
द इंडियन एक्सप्रेस अखबार के कॉलम Delhi Confidential के अनुसार, NDA के 70 से ज्यादा नेताओं को भारत मंडपम में आयोजित एक बैठक के लिए बुलाया गया है। यहां होने वाले कार्यक्रम में इन नेताओं से इस उपलब्धि के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित करने की उम्मीद है।
इसके अलावा बीजेपी ने उत्तराखंड में गंगा किनारे स्थित मंदिरों और घाटों के अलावा चार धाम- गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ पर भी विशेष पूजा-अर्चना की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में दरगाहों पर भी प्रार्थनाएं की जाएंगी। आपको बता दें कि पिछले साल पीएम नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने के मामले में इंदिरा गांधी से आगे निकल गए और दूसरे नंबर पर आ गए थे।
दिल्ली में बीजेपी नेता करेंगे हवन
इस खास मौके पर राजधानी नई दिल्ली में बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, पार्टी के सांसद और विधायक समेत अन्य नेता मंदिरों एवं अपने घरों में हवन करेंगे और प्रार्थना करेंगे। दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज और राज्य महासचिव पवन राणा के साथ नवीन झंडेवालान मंदिर में प्रार्थना करेंगे। उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया के साथ मुख्यमंत्री गुप्ता किशनगंज गौशाला स्थित राम मंदिर में प्रार्थना करेंगी।
पीएम के रूप में इन नेताओं का रहा लंबा कार्यकाल
अब तक भारत के प्रधानमंत्री रहे नेताओं के कुल कार्यकाल को देखें तो जवाहर लाल नेहरू कुल 6130 दिनों तक पीएम रहे। वह पहली बार देश के आजाद होने पर पीएम बने और फिर 1952, 1957 और 1962 के आम चुनावों के बाद उन्होंने इस पद की शपथ ली।
जवाहर लाल नेहरू की बेटी इंदिरा गांधी 5829 दिनों तक भारत की प्रधानमंत्री रहीं। वह पहली बार 1966 में पीएम बनीं और 1977 तक इस पद पर रहीं और फिर दूसरी बार 1980 के चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बनीं। इंदिरा गांधी पहले कार्यकाल में 4077 दिन और दूसरे कार्यकाल में 1752 दिन पीएम रहीं।
देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। वह साल 2014 में पहली बार पीएम बने। आज (10 जून 2026) उनका कार्यकाल 4,399 दिनों का हो चुका है। नरेंद्र मोदी से पहले पीएम रहे मनमोहन सिंह 3,656 दिनों तक जबकि अटल बिहारी वाजपेयी 2,256 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे। मनोमोहन सिंह कुल दो बार और अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री बने।
